न टेंट न पंडाल न कोई भव्यता..बस भक्ति की बहेगी त्रिवेणी,अध्यात्म की होगी दिव्यता
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के अंतर्गत तीर्थ कथा आयोजन समिति होली के अवसर पर कर रही दिव्य धार्मिक आयोजन,आयोजक भक्तों ने जन जागरूकता के लिए पोस्टर किया जारी
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट से जुड़े यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित देश भर के भक्त श्रद्धालु करेंगे कथा का रसपान*
भौतिकवाद और तनाव में घिरे मानव मन को भगवान कृष्ण का चरित्र परम विश्रांति प्रदान करता है : पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट'
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। 13 फरवरी,न टेंट न पंडाल न सजावट न कोई भव्यता.. बस भक्ति की बहेगी त्रिवेणी, अध्यात्म की होगी दिव्यता.. गोबर लिपे फर्श पर बैठे होंगे भक्त,वृक्ष तले बैठकर संत कहेंगे कथा.
जी हाँ,विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के अंतर्गत तीर्थ कथा आयोजन समिति द्वारा श्री गिरिराज जी की पावन तलहटी में होली के पावन अवसर पर 09 मार्च, रंगपंचमी से सात दिवसीय अलौकिक धार्मिक आयोजन किया जाएगा। परम पूज्य राष्ट्रीय संत श्री चिन्मयानंद बापू जी पौराणिक, रमणीक और प्राकृतिक परिवेश में व्यास गद्दी के स्थान पर एक वृक्ष तले बैठकर भागवत कथा की अमृत वर्षा करेंगे।
जिस ब्रजरज में ठाकुर जी ने जगत कल्याण के लिए विभिन्न लीलाएँ कीं, उसी ब्रजरज में विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट से जुड़े छत्तीसगढ़,गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित देश भर से आए हजारों भक्त श्रद्धालु गोबर लिपे फर्श पर बैठकर भक्ति रस का पान करेंगे.. यह भी महत्वपूर्ण है कि बापू चिन्मयानंद जी किसी फाइव स्टार होटल में नहीं, घास फूस की झोपड़ी में ही विश्राम करेंगे।
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी और आगरा के प्रमुख समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वालों ने शुक्रवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए जन जागरूकता की दृष्टि से इस दिव्य धार्मिक आयोजन का आकर्षक पोस्टर जारी किया।
श्री मुरारी लाल गोयल ने कहा कि 16 कलाओं के स्वामी पूर्ण अवतार भगवान श्री कृष्ण का चरित्र भौतिकवाद व तनाव में घिरे मानव मन को परम विश्रांति प्रदान करता है। प्रभु की दिव्य कथा के श्रवण से मानव जीवन श्रेष्ठ बनता है। बस इसी उद्देश्य से इस कथा का आयोजन किया जा रहा है।
चलो चलो गोवर्धन, सुनेंगे प्रभु की कथा :
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती सुमन गोयल ने आगरावासी भक्तों से अपील की.. चलो चलो गोवर्धन,सुनेंगे प्रभु की कथा। तन मन होगा पावन, दूर होगी हर व्यथा। उन्होंने बताया कि हर दिन शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक कथा होगी। 9 मार्च को सुबह मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी और शाम को मनमोहन का होली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पुरुष भक्तों का ड्रेस कोड धोती कुर्ता रहेगा।
पोस्टर विमोचन में ये रहे शामिल :
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, ट्रस्टी श्रीमती सुमन गोयल, मयंक वैद्य, तीरथ कुशवाह, अमित अग्रवाल, राम अग्रवाल, हरिओम गोयल, केएम बंसल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, मनीष अग्रसेना, कुमकुम उपाध्याय, उदयभान सिंह भदौरिया, विजय वर्मा, सतेंद्र कुशवाह और विश्वनाथ भारद्वाज प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



