भस्म,गुलाल और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ निकली भव्य शिव बारात

श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत निकली शिव बारात में 

गणेश जी की अगुवाई में उमड़ा आस्था का सैलाब,सजीव झांकियों ने मोहा मन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से अमर विहार, केके नगर, सिकंदरा स्थित महाकाल मंदिर तक भव्य शिव बारात श्रद्धा, उत्साह और भक्तिरस के बीच निकाली गई। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।

सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात शिव बारात का शुभारंभ हुआ। बारात की अगुवाई भगवान गणेश जी की सवारी कर रही थी। उनके पीछे सुसज्जित रथ पर भगवान भोलेनाथ का दिव्य स्वरूप विराजमान था। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और शिव भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया।

शिव बारात में राम दरबार, बिहारी जी, शिव परिवार तथा महादेव के गणों की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विभिन्न पौराणिक स्वरूपों में सजे कलाकारों ने वातावरण को पूर्णतः शिवमय बना दिया। भस्म और गुलाल की होली ने बारात को अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। बच्चे, युवा और महिलाएं सभी भक्ति में सराबोर दिखाई दिए।

समिति के संस्थापक आशीष सक्सेना ने बताया कि शिव बारात का उद्देश्य समाज में एकता, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत 16 फरवरी को सिकंदरा रोड स्थित वर वधु मंडप में पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाजों से संपन्न कराया जाएगा।

समिति अध्यक्ष अविनाश राणा ने जानकारी दी कि 17 फरवरी को दोपहर 1 बजे से खप्पर पर प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

इस अवसर पर संरक्षक संजय मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, राजेश खुराना,रक्षपाल सिंह परमार, महामंत्री संदीप पांडेय, उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना,ब्रह्म प्रकाश, उमेश यादव डिंपू चौधरी, रामकुमार गौतम, नीरज वर्मा, संतोष धाकरे, आशीष कुमार सिंह, दीपक सविता,अमित गुप्ता,अमित शर्मा, अमन कुमार सिंह, नितिन जैन, राहुल लवानिया,संजय यादव,बबलू गौतम, कमल सैनी, ऋतु सक्सेना, नेहा राणा, कुसुम ढाकरे, राखी ढाकरे, नीता पांडे, विभा सक्सेना, विनीत गौतम, गीता वर्मा, उषा यादव, नीलम गौतम, सरिता सिंह, सलोनी जौहरी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।