श्रीकृष्ण लीला समिति के महिला उत्थान केंद्र में वितरित हुए कंप्यूटर एवं सिलाई-कढ़ाई के प्रमाण पत्र



निःशुल्क प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं,नए कोर्स शुरू करने की तैयारी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा संचालित महिला उत्थान समिति केंद्र पर कंप्यूटर एवं सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र मुख्य अतिथि समाज सेविका श्रुति सिन्हा और रितु गोयल द्वारा वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के आत्म विश्वास को बढ़ावा देना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना रहा।

समाज सेविका श्रुति सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं,तो पूरा परिवार सशक्त होता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल कागज़ का दस्तावेज नहीं,बल्कि उनके आत्मविश्वास और परिश्रम का प्रतीक है। उन्होंने सभी महिलाओं को निरंतर सीखते रहने और अपने कौशल को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला का मंचन वर्ष 1924 से वाटर वर्क्स के पास गोशाला प्रांगण में निरंतर किया जा रहा है। वर्ष 2005 में स्वर्गीय विनोद कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में कृष्ण लीला मंचन को नए स्वरूप में प्रारंभ किया गया और तब से समिति निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 40 दानदाताओं के सहयोग से एक भवन क्रय किया गया,जहां महिला उत्थान समिति का गठन किया गया। वर्ष 2015 से इस केंद्र पर महिलाओं को निःशुल्क सिलाई,कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रत्येक छह माह के कोर्स पूर्ण होने पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं।

मनीष अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है,ताकि वे अपने परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि यह प्रमाण पत्र महिलाओं को रोजगार प्राप्त करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं और कई महिलाएं प्रशिक्षण के बाद सफलता पूर्वक नौकरी प्राप्त कर चुकी हैं।

महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि महिलाओं की आवश्यकताओं और वर्तमान समय की मांग को देखते हुए समिति द्वारा कुछ और व्यावसायिक कोर्स प्रारंभ करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा सके।

कार्यक्रम में शिक्षिका सीमा सिंह और खुशबू द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया। बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर शेखर गोयल, अशोक गोयल, अनूप गोयल, विनीत सिंघल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, केके अग्रवाल, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, केसी अग्रवाल, आशु रोहतगी आदि उपस्थित रहे।