खेल के मैदान में खिला आत्मविश्वास : आर्यश्री संस्था के विद्यालय का वार्षिकोत्सव खेल दिवस के रूप में संपन्न

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। मलिन बस्तियों में शिक्षा, स्वच्छता और कौशल विकास के लिए विगत दो दशकों से सतत कार्य कर रही आर्यश्री संस्था द्वारा राहुल नगर, बोदला में संचालित विद्यालय के बच्चों का वार्षिकोत्सव खेल दिवस के रूप में खंदारी स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज मैदान में उत्साहपूर्वक मनाया गया।

रविवार को हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं विशिष्ट अतिथि उद्यमी डॉ. रंजना बंसल ने गुब्बारे उड़ाकर किया।

 उच्च शिक्षा राज्य मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि आर्यश्री संस्था जिस समर्पण के साथ मलिन बस्तियों के बच्चों को शिक्षा और संस्कार दे रही है, वह अत्यंत सराहनीय है। इन बच्चों में अपार प्रतिभा है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर की है। सरकार भी शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है, और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं। 

डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तक ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने वाली होनी चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि जब बच्चे खेल के मैदान में आत्मविश्वास के साथ दौड़ते हैं, तो यह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत होता है। हमें ऐसे बच्चों को प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए आगे आना चाहिए।

संस्था की संस्थापक तूलिका कपूर ने बताया कि उनकी संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें निर्धनता, बेरोजगारी और अस्वच्छता के अंधेरे से बाहर निकालना है। इसके लिए संस्था अपने केंद्रों पर स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न कोर्स नियमित रूप से आयोजित करती है।

उन्होंने कहा कि हम बच्चों को केवल साक्षर नहीं बनाना चाहते, बल्कि स्किल डेवलपमेंट और व्यवहारिक ज्ञान देकर उन्हें ऐसा आत्मविश्वासी नागरिक बनाना चाहते हैं, जो स्वयं को कभी भी समाज से पिछड़ा न समझे और समाज भी उनसे दूरी न बनाए।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई, जिसके पश्चात योग एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुल 170 बच्चों ने 

खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें थ्री लेग रेस में आदिल और आसिफ, न्यूज पेपर रेस में हिफ़जा, म्यूजिकल चेयर में फैजान, रिंग रेस के प्रथम चरण में अल्फिया और जोया, द्वितीय में रेहमान और सुबान प्रथम रहे। मम्मियों की रेस में सलमा और बेबी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल अनुशासन के साथ भेजने के लिए बेस्ट मदर का पुरस्कार बेबी को मिला।

इस अवसर पर दर्शक दीर्घा में उपस्थित बच्चों के माता-पिता, जो अधिकतर निम्न आय वर्ग से आते हैं, अपने बच्चों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास और अभिभावकों की आँखों में गर्व साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम में मनीष अग्रवाल रावी, अमित खत्री, शीला बहल, देवजीत घोष, अजय शर्मा, डॉ परिणीता बंसल, आयुषी चौबे ने उपस्थित होकर बच्चों का हौसला बढ़ाया।संचालन अमित सूरी ने किया। व्यवस्था जुबेर सैफी, लक्ष्मी, मनीष, रुपेश अग्रवाल, कुमारी ज्योति ज्योति शर्मा, फरीन, वर्षा ने संभाली।