मंगल गीतों के बीच सजी मां गौरा की हल्दी-मेहंदी

मेरी भोले से हो गई बात,लेकर आयेंगे बारात,गौरा मेहंदी लगाओ..

श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन

15 फरवरी को निकलेगी भव्य शिव बारात,16 को होगा पांच कन्याओं का विवाह

भस्म-गुलाल,सजीव झांकियां और प्रसादी वितरण रहेंगे विशेष आकर्षण

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को अमर विहार, केके नगर, सिकंदरा स्थित महाकाल मंदिर में भक्ति और उत्साह के वातावरण में मां गौरा का हल्दी-मेहंदी समारोह संपन्न हुआ। मंगल गीतों, ढोलक की थाप और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच महिलाओं के हाथों में मेहंदी रची गई और हल्दी की पावन रस्म अदा की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राधे माता मंगूरा वाली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, दो परिवारों और संस्कारों का पवित्र मिलन है। जहां शिव-पार्वती का स्मरण होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वतः निवास करती है। बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं, उनका सम्मान और स्नेह ही समाज की सच्ची प्रगति है। उन्होंने सामूहिक विवाह जैसे पुण्य कार्य के लिए समिति की सराहना करते हुए इसे सेवा और संस्कार का श्रेष्ठ उदाहरण बताया।

समिति के संस्थापक आशीष सक्सेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज में सहयोग, समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत पांच कन्याओं का विवाह समाज के सहयोग से संपन्न कराया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को संबल मिल सके।

समिति अध्यक्ष अविनाश राणा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे नील फ्लोरेंस से अमर विहार केके नगर तक भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। इसमें महाकाल लोक की सजीव झांकियां, भगवान भोलेनाथ के भजन, भस्म और गुलाल की होली विशेष आकर्षण होंगे।

16 फरवरी को केके नगर, सिकंदरा स्थित वर-वधु मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न होगा। 17 फरवरी को दोपहर 1 बजे से खप्पर पर प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

इस अवसर पर संरक्षक रक्षपाल सिंह परमार,महामंत्री संदीप पांडेय, उपाध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश, ऋतु सक्सैना, नेहा राणा, कुसुम ढाकरे, राखी ढाकरे, नीता पांडे, विभा सक्सेना, विनीत गौतम, गीता वर्मा, उषा यादव, नीलम गौतम, सरिता सिंह, सलोनी जौहरी आदि उपस्थित रहे।