सीताराम मंदिर परिसर में चंद्र ग्रहण पर विश्व शांति हेतु नवग्रह शांति हवन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर परिसर में मंगलवार को चंद्र ग्रहण के समय मां पीतांबरा के भक्तों द्वारा विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना से विशेष नवग्रह शांति हवन का आयोजन किया गया। महंत अनंत उपाध्याय के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हवन संपन्न किया।

ग्रहण काल के दौरान 21 मालाओं के जप के साथ भक्तों ने पूर्णाहुति दी और मां पीतांबरा से समस्त विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। वातावरण वेद मंत्रों और जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

महंत अनंत उपाध्याय ने बताया कि ग्रहण काल आध्यात्मिक साधना के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है। इसी उद्देश्य से नवग्रह शांति हवन कर सभी ग्रहों की अनुकूलता और विश्व शांति की कामना की गई।

हवन यज्ञ के उपरांत मंदिर के गर्भगृह के कपाट विधिवत खोले गए। मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर विशेष आरती संपन्न की गई तथा उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण लीला समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल,डॉ.संजीव नेहरू, निशि नेहरू, रितु अग्रवाल, अंशिका मित्तल, वंदना, हनी आदि श्रद्धालु प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।