फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी के पादरी जीवन के 50 वर्ष पूर्ण,स्वर्ण जयंती मनाई गई

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : 12 अप्रेल,रविवार का दिन आगरा के लिए अत्यंत ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और गौरवपूर्ण रहा,जब निष्कलंक माता महागिरजाघर (सेंट पीटर्स चर्च) में श्रद्धेय फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी जी ने अपने पादरीय जीवन के 50 वर्ष पूर्ण किए। इस उपलक्ष में  स्वर्ण जयंती का भव्य एवं गरिमामय उत्सव मनाया गया। यह अवसर न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है,बल्कि समूचे धर्मप्रांत एवं समाज के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय भी है।

फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी का जन्म 25 मई 1947 को केरल में हुआ था। उनका अभिषेक (पादरी पद पर नियुक्ति) 29 फरवरी 1976 को आगरा स्थित निष्कलंक माता महागिरजाघर में संपन्न हुआ। अपने 50 वर्षों के दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अपनी अमूल्य सेवाएँ प्रदान कीं,जिनमें प्रमुख रूप से सेंट पीटर्स कॉलेज शामिल है।

 उन्होंने शिक्षा,संस्कार एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों और समाज के लोगों के जीवन को दिशा दी।इस विशेष अवसर पर महागिरजाघर को अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया । पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण,प्रकाश सज्जा एवं भक्ति भाव से ओत-प्रोत था। मधुर भजनों और गीतों की गूंज ने वातावरण को और भी पवित्र एवं आनंदमय बना दिया।

इस पावन अवसर पर आगरा के महाधर्माध्यक्ष डॉ.राफी मंजली ने पवित्र बाइबिल से पाठ करते हुए प्रभु यीशु मसीह के जीवन एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी के सादगीपूर्ण,समर्पित एवं प्रेरणादायक जीवन पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फादर सेबास्टियन एक अत्यंत सरल,विनम्र एवं विद्वान व्यक्तित्व हैं। उन्हें पुस्तकों के अध्ययन का विशेष शौक है तथा उन्होंने बच्चों के लिए अनेक प्रेरणादायक पुस्तकें भी लिखी हैं। बच्चों के प्रति उनका स्नेह और लगाव अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे महान एवं समर्पित व्यक्तित्वों की आज समाज में अत्यंत आवश्यकता है।

 आयोजन में मेरठ डायसिस के बिशप डॉ.भास्कर जेसुराज तथा झांसी डायसिस के बिशप पीटर उपस्थित थे। पूर्व महाधर्माध्यक्ष डॉ.अल्बर्ट डिसूजा ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी को स्वर्ण जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह में लगभग 70 पादरियों की गरिमामयी उपस्थिति रही,जिससे कार्यक्रम की महत्ता और भी बढ़ गई।

पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन का दायित्व फादर शाजी द्वारा कुशलतापूर्वक निभाया गया। पल्लि प्रोहित फादर राजन दास के साथ-साथ फादर आशीष, फादर मिरांडा, फादर जोसेफ डाबरे, फादर डेनिस डी'सूजा एवं फादर अल्विन पिंटो ने मिलकर इस स्वर्ण जयंती समारोह की सभी धार्मिक विधियों को विधिवत एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

यह समारोह श्रद्धा,सम्मान एवं कृतज्ञता का एक अद्भुत संगम था,जिसमें सभी उपस्थित जनों ने फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी के 50 वर्षों के समर्पित पादरीय जीवन को नमन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य,दीर्घायु एवं निरंतर सेवा के लिए प्रभु से प्रार्थना की। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने फादर सेबास्टियन पंतलाड़ी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

रिपोर्ट : असलम सलीमी