हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ : व्यापारी कल्याण महासभा का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट करने पहुँचा। इस दौरान मंत्री ने प्रतिनिधि मंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए व्यापारियों की समस्याओं एवं उनके समाधान पर बैठक आयोजित की।
बैठक में महासभा के पदाधिकारियों ने मंत्री को संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा व्यापारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश भर के व्यापारियों के समक्ष आ रहीं चुनौतियों को भी प्रमुखता से उठाया और सरकार से अपेक्षित सहयोग पर चर्चा की।
इस अवसर पर मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वंचित,शोषित एवं पीड़ित वर्ग के साथ-साथ व्यापारी समुदाय के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महासभा के साथ समन्वय बनाकर आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान महासभा की ओर से मंत्री का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर आगरा से आए प्रतिनिधियों में अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, राहुल बंसल तथा गौरव अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने बैठक को सकारात्मक और परिणामदायी बताते हुए सरकार के सहयोग की सराहना की।




