हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : जनक दुलारी माता जानकी के प्राकट्योत्सव के अवसर पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में भव्य माता जानकी महामहोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। पूरे मंदिर परिसर में पुष्पों की सुगंध और रंग-बिरंगी सजावट ने आध्यात्मिक वातावरण को और भी मनोहारी बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान “हरे राम, हरे कृष्णा” के संकीर्तन पर भक्तजन भक्ति में लीन होकर नृत्य करते नजर आए। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचगव्य और पंचामृत से सियाराम का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया गया। इस अवसर पर मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने माता जानकी के प्राकट्य की कथा सुनाते हुए बताया कि माता सीता धरती मां की गोद से प्रकट हुईं और वे मां लक्ष्मी का ही स्वरूप हैं।
संध्या काल में अभिषेक के बाद सीताराम जी की प्रतिमा को चंदन और नवीन परिधानों से आकर्षक रूप से सजाया गया। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलभद्र बलराम जी का भी चंदन से श्रृंगार कर उन्हें हल्के सूती वस्त्र धारण कराए गए।
विशेष आरती के दौरान मंदिर में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। अभिषेक और श्रृंगार के पश्चात श्रीराम और माता सीता के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नंदलाल, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।



