हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सहकार भारती के आगरा मंडल में आयोजित तीन दिवसीय प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रवास के दौरान संगठनात्मक मजबूती, आपसी समन्वय और विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
इस प्रवास में प्रदेश संगठन प्रमुख कर्मवीर सिंह, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी तथा विभाग संयोजक राकेश शुक्ला सहित विभिन्न पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
प्रवास का शुभारंभ पहले दिन मथुरा जिला एवं मथुरा महानगर से हुआ। दूसरे दिन आगरा महानगर और आगरा जिला में बैठकों का आयोजन किया गया, जबकि तीसरे दिन फिरोजाबाद महानगर एवं जिला में कार्यक्रम संपन्न हुए।
बैठकों में मंडल के सभी जिलों एवं महानगरों की कार्यकारिणी के साथ विस्तृत चर्चा की गई। संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नए पदों के गठन पर सहमति बनी, वहीं निष्क्रिय पदाधिकारियों के दायित्वों में आवश्यक परिवर्तन किए गए। साथ ही पदाधिकारियों को आगामी डेढ़ वर्ष के शेष कार्यकाल में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
आगरा मंडल कार्यालय में मैनपुरी के पदाधिकारियों के साथ भी विशेष बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों और संगठन की दिशा को लेकर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।
प्रवास के चौथे दिन प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों द्वारा सभी क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री को प्रेषित की गई, जिस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
संगठन के अनुसार,आगरा मंडल सहकार भारती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और आने वाले समय में यहां कई प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो सहकारिता आंदोलन को नई गति देंगे।
प्रवास को संगठन के लिए ऊर्जा देने वाला बताते हुए पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इससे भविष्य में और अधिक सशक्त एवं सक्रिय कार्यप्रणाली विकसित होगी।

