संस्कार और संस्कृति की छांव में सजा लव कुश विद्यालय का फाउंडेशन डे

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। बल्केश्वर स्थित लव कुश विद्यालय (जूनियर हाई स्कूल) में फाउंडेशन डे समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ,जिसमें छात्र-छात्राओं,अभिभावकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।

समारोह की मुख्य अतिथि एसीपी डॉ.सुकन्या शर्मा रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल ने की। उन्होंने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि अतुल शर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं,बल्कि संस्कारों की पाठशाला भी होता है।आज के समय में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें नैतिक मूल्यों,अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी ज्ञान देना आवश्यक है। 

साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता ने विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय विजय शर्मा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थापक स्व.विजय शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों ने नृत्य,गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन,शिक्षकों एवं स्टाफ के साथ नीलू बसल, राज बहादुर यादव सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।