' गौ सम्मान आह्वान अभियान’ का शहरवासियों को आमंत्रण
27 अप्रैल को देशव्यापी तहसील स्तरीय आयोजन का आह्वान, गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने का संकल्प
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। गुरुवार को संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत वृंदावन से आगरा पहुंची अक्षत कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अभियान के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं को पीले अक्षत वितरित कर आगामी 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले देशव्यापी कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया गया।
कार्यक्रम में संभाग प्रभारी साध्वी श्याम गोपाल सरस्वती ने बताया कि यह अभियान देशभर में गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं उन्हें ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को देश की लगभग 5400 तहसीलों में संतों के सानिध्य में विशाल जनसमूह एकत्र होकर अहिंसक रूप से अपनी आवाज बुलंद करेगा।
तहसील प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकारों से प्रमुख मांगें रखी जा रही हैं, जिनमें गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, गौ रक्षा हेतु सख्त केंद्रीय कानून तथा देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध शामिल हैं।उन्होंने बताया कि अभियान से जुड़ी प्रमुख मांगों में गोबर एवं गोमूत्र पर आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देने हेतु विशेष विश्वविद्यालयों की स्थापना, बैल आधारित कृषि को प्रोत्साहन एवं किसानों को आर्थिक सहायता,
आयुर्वेदिक चिकित्सा में पंचगव्य औषधियों का निःशुल्क वितरण, सरकारी भवनों एवं चिकित्सालयों में गोबर पेंट एवं गोनाइल के उपयोग को बढ़ावा देने जैसे बिंदु शामिल हैं। अभियान की संयोजक हिमानी चतुर्वेदी ने बताया कि गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, अनुदान व्यवस्था एवं शिक्षा-चिकित्सा संस्थानों में गौ आधारित उत्पादों के उपयोग को लेकर भी सरकार से विशेष आग्रह किए जा रहे हैं।
एडवोकेट आशुतोष श्रोतिय ने जानकारी दी कि यह अभियान किसी संस्था या संगठन के बैनर तले नहीं, बल्कि आस्था एवं गौसेवा की भावना से संचालित है। इसमें किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत प्रचार नहीं किया जाएगा और कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पीले अक्षत ग्रहण कर 27 अप्रैल को अपने-अपने क्षेत्र की तहसीलों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जनआंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राजदीप ग्रोवर,धीरज शर्मा, रवि आदि उपस्थित रहे।


