15 लाभार्थियों को मिला ऑन-द-स्पॉट लोन स्वीकृति पत्र
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक पंजाब नेशनल बैंक द्वारा शनिवार को संजय प्लेस स्थित अवध बैंक्वेट हॉल में भव्य मेगा रिटेल आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक की विभिन्न रिटेल योजनाओं, डिजिटल सेवाओं एवं आसान ऋण सुविधाओं से अवगत कराना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य कार्यालय से पधारे चीफ जनरल मैनेजर विशेष कुमार श्रीवास्तव, डिफेंस एस्टेट ऑफिसर यशपाल सिंह, जोनल मैनेजर आगरा अंजू मित्तल, डिप्टी जोनल मैनेजर अनिल कुमार अनल एवं सर्किल हेड आगरा संजय कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक द्वारा ग्राहकों को होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन, एमएसएमई लोन एवं सोलर फाइनेंसिंग जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पीएनबी द्वारा ग्राहकों को कम ब्याज दर, सरल प्रक्रिया, न्यूनतम दस्तावेज एवं त्वरित स्वीकृति जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे आमजन आसानी से अपने सपनों को साकार कर सकें।
इस मेगा आउटरीच प्रोग्राम में सोलर वेंडर्स, बिल्डर्स, होम डेकोर एवं कार डीलर्स द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां ग्राहकों को विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी के साथ मौके पर ही परामर्श भी दिया गया। इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर घर, वाहन और ऊर्जा समाधान से जुड़ी सभी सुविधाएं प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 15 चयनित ग्राहकों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान करना रहा। इस पहल से बैंक की त्वरित सेवा और ग्राहक-हितैषी दृष्टिकोण का परिचय मिला।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विशेष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पीएनबी का उद्देश्य ग्राहकों तक बैंकिंग सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और ग्राहक सहायता सेवाओं के माध्यम से बैंक लगातार आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान कर रहा है।
गौरतलब है कि आगरा के साथ-साथ इस प्रकार के रिटेल आउटरीच प्रोग्राम जिले के अन्य तीन स्थानों पर भी आयोजित किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक बैंक की योजनाओं का लाभ पहुंच सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राहकों, व्यापारियों एवं बैंक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

