हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। वरिष्ठ पत्रकार डॉ.जितेन्द्र बच्चन को डॉ.आंबेडकर कीर्ति सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अखिल भारतीय कबीर मठ,बड़ी खाटू (नागौर, राजस्थान) द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। उन्हें विकसित भारत एवं सामाजिक चेतना के लिए साहित्य और पत्रकारिता के माध्यम से किए गए विशिष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नागौर स्थित रोहिणी में किया गया, जहां मुख्य अतिथि विधायक हरेन्द्र मिर्धा एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. मंजू मेघवाल उपस्थित रहे। समारोह में हिम्मताराम भांभू, महंत (डॉ.) नानक दास महाराज, डॉ. परीन सोमानी तथा हनुमान राम बांगड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर डॉ.भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इसके पश्चात देशभर से चयनित 100 अन्य प्रतिभाओं को भी शिक्षा, समाजसेवा, साहित्य और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘डॉ.आंबेडकर कीर्ति अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित प्रतिभाओं को सम्मान पत्र, प्रतीक चिह्न, संविधान की प्रति एवं शॉल भेंट किए गए।
उल्लेखनीय है कि डॉ.जितेन्द्र बच्चन पिछले 38 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए उन्हें पूर्व में ‘भारत गौरव’ सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। उनकी बाल साहित्य एवं हिंदी साहित्य से जुड़ी अनेक रचनाएं विभिन्न समाचार पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके साथ ही वे पिछले आठ वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता एवं सांस्कृतिक संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय समाजसेवा भी कर रहे हैं।डॉ.बच्चन ने इस सम्मान के लिए आयोजकों एवं सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

