हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार,आगरा द्वारा रे-ऑफ होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में रविवार को त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। बीते छह वर्षों से निरंतर जारी इस सेवा कार्य के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से विशेष बच्चों को न केवल उपचार मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन में नई आशा का संचार भी हो रहा है।
शिविर में 300 से अधिक बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया। इनमें मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, अनुवांशिक रोग, भेंगापन, अविकसित बच्चे, डीएमडी, उदंड व्यवहार, अंधापन एवं बहरापन जैसी विभिन्न जटिल समस्याओं से ग्रसित बच्चे शामिल रहे। सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ तीन माह की निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
शिविर में आए मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार द्वारा भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई,जिससे सेवा का यह कार्य और अधिक मानवीय बन गया।
संस्था के सदस्य अजय गोयल,श्याम सुंदर माहेश्वरी एवं पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस शिविर में 80 सदस्यीय चिकित्सक टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ शिवा, डॉ गौरव, डॉ प्रतिभा शर्मा, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत, डॉ. दिशा, डॉ शुभम और डॉ. रेशमा सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे, जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श दिया।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं,ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक उपचार की सुविधा पहुंच सके। अगला निःशुल्क चिकित्सा शिविर जुलाई 2026 में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था के मनोज कुमार गर्ग, नीरज कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल आदि उपस्थित रहे।

