हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में लीडर्स आगरा द्वारा आवास विकास कॉलोनी स्थित बाँके बिहारी रेस्टोरेंट हॉल में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होम्योपैथी के जनक डॉ.सैमुअल हैनीमैन की जयंती के अवसर पर एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, योग सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सक एक मंच पर एकत्रित हुए।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने कहा कि सभी चिकित्सा पद्धतियां जनहित में उपयोगी हैं,लेकिन इनके बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना समय की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने कहा कि सभी चिकित्सा क्षेत्रों से जुड़े चिकित्सकों को एक मंच पर आकर कार्य करना चाहिए, ताकि मरीजों को कम खर्च में प्रभावी और सुरक्षित इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि यही आयुष की वास्तविक अवधारणा है।
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही चिकित्सा पद्धतियों में अग्रणी रहा है और यहां की परंपराएं आज भी प्रासंगिक हैं। जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रभात कुलश्रेष्ठ ने बताया कि वर्तमान समय में होम्योपैथी की ओर मरीजों का रुझान बढ़ रहा है,क्योंकि यह सस्ती और प्रभावी चिकित्सा पद्धति है।
आयुर्वेदाचार्य डॉ.हरी भदौरिया ने कहा कि आयुर्वेद प्रकृति की देन है और प्राचीन काल में भी जड़ी-बूटियों से उपचार किया जाता रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने चिकित्सकों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.हैनीमैन जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस मौके पर डॉ.अजीत शर्मा, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, डॉ. शक्ति तिवारी, डॉ. पीयूष शर्मा, डॉ. पीयूष बैजल, डॉ. एम.पी. सिंह, टी.एन.सिंह चौहान, हरिकांत शर्मा, सुनील बग्गा, रोबिन जैन, विजय जैन (निमोरब), रितुराज दुबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने किया।


~2.jpg)
