मेयर के आश्वासन पर टला व्यापारियों का आंदोलन

ट्रेड लाइसेंस शुल्क समाप्त करने का मिला आश्वासन,मांग पूरी न होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ट्रेड लाइसेंस शुल्क के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच मंगलवार को आगरा सर्राफा एसोसिएशन के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम पहुंचा और मेयर हेमलता दिवाकर से मुलाकात कर प्रस्तावित शुल्क के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

बैठक के दौरान मेयर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आगामी कार्यकारिणी बैठक में ट्रेड लाइसेंस शुल्क को पूरी तरह समाप्त करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। मेयर के इस आश्वासन के बाद फिलहाल व्यापारियों ने अपना प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों ने सद्भावना दिखाते हुए मेयर के आश्वासन पर विश्वास जताया है,लेकिन स्पष्ट किया कि यदि अगली कार्यकारिणी बैठक में शुल्क समाप्त करने की औपचारिक घोषणा नहीं की गई,तो व्यापारी पुनः आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में सर्राफा व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां नगर निगम में जमा कर सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान अशोक कुमार अग्रवाल और बृजमोहन रेपुरिया ने कहा कि टर्नओवर आधारित ट्रेड लाइसेंस शुल्क सर्राफा व्यापार के लिए पूरी तरह अव्यावहारिक है। सोना-चांदी की ऊंची कीमतों के कारण कागजी टर्नओवर अधिक दिखता है, जबकि वास्तविक लाभ सीमित रहता है। ऐसे में यह शुल्क छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है।

व्यापारियों ने एकजुट होकर मेयर से मांग की कि व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को शीघ्र समाप्त किया जाए, ताकि बाजार में असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, मनोज गुप्ता, मयंक अग्रवाल, गणेश चंद्र गोयल, राजकुमार अग्रवाल, अनिल मित्तल, पवन कुमार वर्मा, विजय अग्रवाल, जुगल अग्रवाल, अनिल नागवानी, प्रमोद मेडतवाल, संजय गुप्ता, सुरेश लवानिया और अभिमन्यु वर्मा सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।