हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 21 अप्रैल 2026। जनपद को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार में औपचारिक रूप से जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्राथमिकताएं तय कीं।
निरीक्षण के दौरान दिए अहम निर्देश ;
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम ने ट्रेज़री के डबल लॉकर, चकबंदी विभाग, नजारत अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने फरियादियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अनुभव और पृष्ठभूमि :
आईआईटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले मनीष बंसल ने Indian Institute of Technology Delhi से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इससे पहले वे संभल और सहारनपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। साथ ही मेरठ और उन्नाव में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, लखनऊ में सीडीओ और मेरठ नगरायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
बैठक में तय की गईं प्राथमिकताएं :
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागवार प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार करने और विकास परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनहित और पारदर्शिता पर जोर ;
डीएम बंसल ने कहा कि अधिकारी स्वयं फाइलों का अध्ययन कर पूरी जानकारी के साथ ही अग्रसारित करें। साथ ही अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण, नवाचार आधारित कार्ययोजना और बैठकों के व्यवस्थित मिनट्स तैयार करने पर बल दिया।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी विभागीय समस्या के समाधान के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे।
गर्मी और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस :
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। सीएमओ, सीएमएस और SN Medical College सहित सभी सीएचसी-पीएचसी में गर्मी से निपटने की तैयारी करने को कहा। नगर निगम और जलकल विभाग को जलापूर्ति व साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए गए, वहीं स्कूलों के समय में बदलाव के भी निर्देश दिए।
विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का लक्ष्य :
डीएम ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध पहुंचे। उन्होंने आगरा को इंटरनेशनल और हेरिटेज सिटी बताते हुए कहा कि यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं और सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

~2.jpg)
~2.jpg)