सीता तत्व परिसंवाद में नारी शक्ति पर मंथन,भक्ति संगीत से गूंजा सभागार


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। 20 अप्रेल,अनुपम बाग स्थित धरा चेतना फाउंडेशन के संस्कृति सभागार में ‘सीता तत्व परिसंवाद एवं रामायण शक्ति तत्व उत्सव’ का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में नारी शक्ति, रामायण के स्त्री पात्रों और उनके योगदान पर गहन विचार-विमर्श हुआ, वहीं भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गंधर्व बैंड के कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति से हुई। “हमारे साथ श्री रघुनाथ…” और “ओ पालन हारे…” जैसे भजनों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। अक्षय प्रताप सिंह और गति सिंह ने अपने मधुर स्वरों से भक्ति रस बहाया, जबकि अभिषेक शुक्ला (तबला) और ध्रुव (की-पैड) ने संगत दी।

अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, अयोध्या, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश और प्रताप पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘रामायण नारी शक्ति परिसंवाद’ प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें डॉ. नवीन गुप्ता, श्रुति सिन्हा, राशि गर्ग, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता और ब्रज बिहारी लाल बिरजू ने विचार रखे।

साहित्यकार श्रुति सिन्हा ने उर्मिला के त्याग को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका योगदान रामायण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्त्रियों की भूमिका को दर्शाती अपनी रचना भी प्रस्तुत की, जिसमें स्त्रियों को “शताब्दियों का संचित शब्द भंडार” और “स्मृतियों का अनंत गाछ” बताया गया।

राशि गर्ग ने कैकई के चरित्र को नई दृष्टि से प्रस्तुत करते हुए कहा कि वे रामायण की खलनायिका नहीं, बल्कि कथा की “कैटलिस्ट” हैं, जिनके कारण घटनाक्रम आगे बढ़ा। कवि ब्रज बिहारी लाल बिरजू ने माता सीता के त्याग और आदर्शों पर आधारित काव्य पाठ कर सभी का मन मोह लिया।

डॉ. नवीन गुप्ता ने रामायण के घटनाक्रमों को मैनेजमेंट के दृष्टिकोण से ‘सिचुएशन, रिएक्शन और रिजल्ट’ (SRR) मॉडल के माध्यम से समझाया। वहीं डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने समकालीन सामाजिक संदर्भों में स्त्री पात्रों की प्रासंगिकता पर विचार रखे।

कार्यक्रम के संयोजक दीपाली सिंह ने बताया कि सुबह ‘रामायण नारी शक्ति संभाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ.सुषमा सिंह, प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेन्द्र सोलंकी, रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के डॉ.गिरीश गुप्ता,डौली पब्लिक स्कूल के एमडी वीरेंद्र मित्तल सहित अभिलाषा, प्रतीक्षा, पुष्प, डॉ.रेखा गौतम, अंजू जैन, ममता, एसके गोयल, पूर्वी, सोनी, कविता राणा, अरविंद भाटिया, गीता भाटिया, कृष्णा जैसवानी, अशोक जैसवानी, रीता चौहान, नीलम वर्मा, ममता सिंह, ईशान देव, बरखा, मीडिया समन्वयक डॉ. महेश धाकड़, कुमार ललित आदि  की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।