हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
फरह (मथुरा), 16 अप्रैल।दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (गौ ग्राम), फरह में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य श्रीराम कथा का सातवां दिन (सप्तम सोपान) गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और जयघोष के साथ सम्पन्न हुआ। कथा के समापन (विश्राम) अवसर पर दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन करते हुए शबरी प्रसंग को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भगवान केवल भाव के भूखे होते हैं। माता शबरी के जूठे बेर स्वीकार कर प्रभु श्रीराम ने यह संदेश दिया कि सच्ची भक्ति में प्रेम सर्वोपरि है।
नवधा भक्ति का दिया संदेश :
स्वामी जी ने ‘नवधा भक्ति’ का महत्व बताते हुए कहा कि संत संग, कथा श्रवण, गुरु सेवा, भगवान के गुणों का गान, मंत्र जाप, इन्द्रिय संयम, संतोष, सरलता और ईश्वर में अटूट विश्वास—ये भक्ति के नौ रूप हैं। इनमें से किसी एक को भी जीवन में अपनाने से ईश्वर की कृपा सहज प्राप्त होती है।
सनातन संस्कृति और गौ रक्षा पर जोर :
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की महानता पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से गौ सेवा और संस्कृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पाश्चात्य प्रभावों के बीच अपनी परंपराओं और मूल्यों की रक्षा करना आवश्यक है।
अवतारों के माध्यम से दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश :
वक्ताओं ने भगवान के मत्स्य और कच्छप अवतार का उल्लेख करते हुए जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रकृति के संतुलन के बिना जीवन संभव नहीं है।
ब्रज भूमि पर कथा श्रवण सौभाग्य : ब्रजेश पाठक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ब्रजभूमि में श्रीराम कथा का श्रवण करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने गौ ग्राम में चल रहे गौ सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रयासों को सराहा।
इन विशिष्ट अतिथियों ने की सहभागिता :
इस धर्म महाकुंभ में कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रमुख रूप से उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक,उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और बाह (आगरा) की विधायक रानी पक्षालिका सिंह उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय ग्राम विकास प्रमुख डॉ. दिनेश जी,क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी, अखिल भारतीय गौ गतिविधि संयोजक अजीत महापात्र जी, क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद शर्मा और प्रांत प्रचार प्रमुख,ब्रज कीर्ति कुमार ने भी सहभागिता की। शिक्षाविदों और समाजसेवियों में परम पूज्य श्री प्रभुदत्त ब्रह्मचारी जी महाराज के कृपा पात्र विनीत त्रिपाठी, पंछी पेठा (आगरा) की रजनी गोयल, केडी यूनिवर्सिटी के मनोज अग्रवाल, श्री बालाजी पब्लिकेशन (मुजफ्फरनगर) के प्रभात कुमार,मेरठ से मनिका शर्मा और बिजनौर से अमित गोयल सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं उपस्थित थे।





