उत्तर भारत का पहला मातृ-शिशु दुग्ध बैंक आगरा में शुरू,नवजातों के लिए बनेगा जीवनदायी सहारा

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 4 मई। नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण और मातृ-दूध के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगरा में उत्तर भारत का पहला अत्याधुनिक मातृ-शिशु दुग्ध बैंक स्थापित किया गया है। प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार मेटरनिटी होम परिसर में स्थापित इस ‘मुंशी पन्ना मातृ-शिशु दुग्ध बैंक’ का लोकार्पण मंगलवार सुबह 10:30 बजे मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया जाएगा।

श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा जनसेवा अभियान के अंतर्गत शुरू किए गए इस अनूठे प्रकल्प का उद्देश्य उन नवजात शिशुओं को सुरक्षित और पोषक मातृ-दूध उपलब्ध कराना है, जिन्हें किसी कारणवश अपनी माँ का दूध नहीं मिल पाता।

सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ.शिखा सिंह, लेडी लॉयल हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. पुष्प लता, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य विशेषज्ञों और समाजसेवियों ने इस परियोजना की जानकारी देते हुए जनजागरूकता पोस्टर जारी किया।

डॉ. शिखा सिंह ने बताया कि यह मिल्क बैंक नवजात शिशुओं के लिए जीवनदायी साबित होगा और इससे कुपोषण में कमी के साथ शिशु मृत्यु दर में भी सुधार की उम्मीद है। वहीं डॉ. पुष्प लता ने इसे उत्तर भारत की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद शिशुओं को सुरक्षित मातृ-दूध उपलब्ध कराया जा सकेगा।

डॉ.पंकज कुमार ने आम नागरिकों से लोकार्पण समारोह में भाग लेने और इस सेवा अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से समय से पूर्व जन्मे शिशुओं और स्तनपान से वंचित बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

डॉ. सुधा बंसल ने माताओं से इस मानवीय पहल में सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक नवजातों का जीवन सुरक्षित किया जा सके।

इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रेरणास्रोत प्रमुख समाज सेवी अशोक कुमार गोयल ने संचालन किया।संरक्षक समाज सेवी मुकेश जैन,श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, मुंशी पन्ना परिवार से श्रीमती कृष्णा गोयल, श्रीमती सुलेखा गोयल, मनोज अग्रवाल,  सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग, रमेश चंद्र अग्रवाल, राजीव जैन, राकेश अग्रवाल, सीए गौरव गोयल, गौतम सेठ, राजीव गुप्ता,  डॉ. नीरज कुमार, डॉ. नीलम सिंह, अतुल शर्मा, पवन सिंह, डॉ. आरके मिश्रा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।