ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने देखा आगरा का फुटवियर सामर्थ्य


30 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों ने डावर फुटवियर इंडस्ट्री का किया भ्रमण, भारतीय विनिर्माण क्षमता और निर्यात संभावनाओं की सराहना

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ब्रिक्स देशों से जुड़े विभिन्न देशों के 30 से अधिक प्रतिनिधियों ने शनिवार को सिकंदरा स्थित डावर फुटवियर इंडस्ट्री का दौरा कर भारतीय फुटवियर उद्योग की उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का करीब से अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल में भारत के अलावा ब्राजील, इथियोपिया, क्यूबा और युगांडा सहित कई देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत डावर फुटवियर इंडस्ट्री एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर तथा निदेशक संभव डावर ने किया। इस दौरान अतिथियों को आधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं, तकनीकी नवाचारों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और वैश्विक बाजार में भारतीय फुटवियर उद्योग की बढ़ती हिस्सेदारी की जानकारी दी गई।

फैक्ट्री भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया और भारतीय उद्यमियों की कार्यकुशलता तथा आधुनिक विनिर्माण व्यवस्था की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय एमएसएमई और फुटवियर क्षेत्र वैश्विक बाजार में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

कार्यक्रम में एसोचैम के सेक्रेटरी जनरल सौरभ सान्याल, एमएसएमई मंत्रालय के निदेशक अंकित अग्रवाल, डॉ. आर.के. भारती, उप सचिव प्रमोद कुमार, संयुक्त निदेशक दिलाशा तथा सहायक विकास आयुक्त सुशील यादव ने भारतीय एमएसएमई क्षेत्र की उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए।

अपने संबोधन में पूरन डावर ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के दौरे भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने के साथ निर्यात और निवेश के नए अवसर भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आगरा का फुटवियर उद्योग गुणवत्ता और नवाचार के बल पर विश्व बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

इस अवसर पर डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर, एफमेक के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता और स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

फैक्ट्री भ्रमण के बाद आयोजित दोपहर भोज में व्यापार, निवेश, कौशल विकास और औद्योगिक सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने आगरा के औद्योगिक विकास और भारतीय फुटवियर उद्योग की प्रगति की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी सकारात्मक विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर एमएसएमई डीएफओ आगरा के निदेशक वी.के. वर्मा, अभिषेक सिंह, अवधेश सिंह, सीएलई के उपनिदेशक आर.के. शुक्ला, एफमेक के दलजीत सिंह, ललित अरोरा, अनिरुद्ध तिवारी, ईशान सचदेवा, संजय डंग, रेणुका डंग, संजय ढल, कुलदीप सिंह गुजराल, गौतम कौल, रोमी लूथरा और हरपाल सैंतिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगी चाहर ने किया।