दुकान के बाहर पेशाब करने से रोकने पर व्यापारी पर जानलेवा हमला,आईसीयू में भर्ती

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। संजय प्लेस कंप्यूटर मार्केट में सोमवार को एक व्यापारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यापारी ने अपनी दुकान के बाहर खुले में पेशाब करने का विरोध किया था। बताया गया है कि व्यापारी द्वारा संबंधित लोगों को पूर्व में भी कई बार ऐसा न करने के लिए समझाया गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आकाशदीप ढाबा से जुड़े 10 से 15 लोगों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर दी।

हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया है।

व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा पूर्व में भी विवादित घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो इस प्रकार की घटना को रोका जा सकता था।

घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस प्रशासन को उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिनमें पूरी वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। वहीं पुलिस कार्रवाई के दौरान मारपीट में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं लोहे की रॉड बरामद होने की भी जानकारी मि

सूत्रों के अनुसार मारपीट में शामिल आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया, जिसमें उनके नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद संजय प्लेस के व्यापारियों ने थाना हरीपर्वत एवं संजय प्लेस चौकी पहुंचकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी समाज किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, नशाखोरी, दबंगई एवं हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगा।

व्यापारियों के विरोध के बाद पुलिस प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी, जिसके उपरांत धरना एवं प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र परमार ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित हो सके।