हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भारत विकास परिषद् ‘नवज्योति’ द्वारा एत्मादपुर स्थित वाम्बो वाटर पार्क में आयोजित पारिवारिक मिलन कार्यक्रम ‘समर कार्निवाल’ उत्साह, उल्लास और आत्मीयता के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परिषद् के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और आपसी मेल-मिलाप का आनंद लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य परिषद् के मूल मंत्र ‘सम्पर्क, सहयोग, संस्कार एवं सेवा’ को सशक्त बनाते हुए सदस्यों के बीच पारिवारिक आत्मीयता एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देना रहा। ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ के आदर्श को आत्मसात करते हुए परिषद् ने सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसंत गुप्ता रहे। इस अवसर पर संस्थापक एवं संरक्षक मंडल के प्रदीप अग्रवाल, नीता अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, शशि अग्रवाल, गौरव बंसल, निधि बंसल एवं डॉ. अमित अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि बसंत गुप्ता ने कहा कि ऐसे पारिवारिक आयोजन परिषद् परिवार को और अधिक सशक्त एवं एकजुट बनाने का कार्य करते हैं तथा सदस्यों के बीच आत्मीय संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
परिषद् की अध्यक्ष सीए दीपिका अग्रवाल ने कहा कि परिवार समाज की सबसे मजबूत इकाई है और परिषद् सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से सदस्यों को एक सूत्र में बांधने का प्रयास करती है। सचिव नितिन अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
महिला संयोजिका एवं उपाध्यक्ष मंजू गुप्ता ने महिलाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन परिवारों को एक-दूसरे के और अधिक निकट लाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष सहयोग के लिए मनीष अग्रवाल को परिषद् की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
वाटर पार्क में आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों, जलक्रीड़ा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं पारिवारिक प्रतियोगिताओं ने सभी प्रतिभागियों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजय रौनक गुप्ता, अनुराग सोनल भटनागर, नीरज नीलू जैन, मोहित सोनिया अग्रवाल तथा शेखर शिल्पी अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

