माताश्री की अंतिम यात्रा 28 जून को प्रातः 9 बजे,निज निवास, 44 सूर्य नगर,आगरा से ताजगंज मोक्षधाम के लिए प्रस्थान करेगी।
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 27 जून। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आगरा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय ठाकुर हरी गोपाल सिंह चौहान की धर्मपत्नी तथा विश्व की सबसे वृद्ध पैरा मोटर पायलट के रूप में विश्व रिकॉर्ड धारक माताश्री वीरेश्वरी देवी का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में शोक की लहर दौड़ गई।
माताश्री वीरेश्वरी देवी अपने अदम्य साहस, अनुशासन एवं विलक्षण व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। युवावस्था में वे एक कुशल घुड़सवार थीं तथा घोड़े पर कलात्मक करतबों के साथ-साथ अश्वारोहण करते हुए तलवारबाज़ी में भी विशेष दक्षता रखती थीं। जीवन के उत्तरार्ध में उन्होंने पैरा मोटर उड़ान भरकर विश्व की सबसे वृद्ध पैरा मोटर पायलट बनने का गौरव प्राप्त किया और विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर देश एवं समाज का नाम गौरवान्वित किया।
उनका जन्म आगरा जनपद के एतमादपुर क्षेत्र के निकट स्थित सिकतरा के प्रतिष्ठित जमींदार परिवार में हुआ था, जबकि उनका विवाह चौकड़ा के जमींदार परिवार में हुआ। उनका बाल्यकाल एवं शिक्षा अलवर राजघराने के संरक्षण में संपन्न हुई थी, जिसने उनके व्यक्तित्व को विशेष रूप से प्रभावित किया।
माताश्री वीरेश्वरी देवी अपने पीछे एक प्रतिष्ठित एवं सेवाभावी परिवार छोड़ गई हैं। उनके पुत्रों में वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर विजय पाल सिंह चौहान, पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ग्रुप कैप्टन (डॉ.) कुँवर जयपाल सिंह चौहान, बीएसएफ के कमांडेंट कुँवर यशपाल सिंह चौहान, वरिष्ठ शल्य चिकित्सक प्रोफेसर डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह चौहान तथा हरेंद्र पाल सिंह चौहान सहित समस्त परिवार शोकाकुल है।
माताश्री वीरेश्वरी देवी का संपूर्ण जीवन साहस, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और प्रेरणा का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने यह सिद्ध किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर आयु कभी भी उपलब्धियों की सीमा नहीं बन सकती। उनके निधन से समाज ने एक ऐसी प्रेरणादायी विभूति को खो दिया है, जिनकी स्मृतियाँ और उपलब्धियाँ सदैव आने वाली पीढ़ियों को नई ऊँचाइयों को छूने की प्रेरणा देती रहेंगी। उनके निधन पर सामाजिक,न्यायिक,सैन्य एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

