देश के सर्वोच्च व्यापारिक मंच 'बोर्ड ऑफ ट्रेड' में शामिल हुए आगरा के प्र.उद्योगपति पूरन डावर

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता वाले बोर्ड में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी,राष्ट्रीय औद्योगिक एवं निर्यात नीतियों के निर्धारण में निभाएंगे अहम भूमिका

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा के प्रख्यात उद्योगपति एवं डावर ग्रुप के चेयरमैन तथा फुटवियर एवं चमड़ा विकास परिषद के चेयरमैन श्री पूरन डावर को भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व सौंपा है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा गठित देश के सर्वोच्च व्यापार एवं उद्योग परामर्श मंच 'बोर्ड ऑफ ट्रेड' (Board of Trade) में उन्हें गैर-सरकारी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। उनकी नियुक्ति भारत सरकार द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से की गई है।

बोर्ड ऑफ ट्रेड देश का सर्वोच्च व्यापारिक एवं औद्योगिक सलाहकार निकाय है,जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल करते हैं। यह बोर्ड भारत सरकार को विदेश व्यापार नीति, निर्यात संवर्धन, व्यापारिक अवसंरचना विकास, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब, औद्योगिक प्रतिस्पर्धा, आयात-निर्यात प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक निर्यात रणनीतियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करता है।

श्री पूरन डावर को देश के शीर्ष उद्योगपतियों और कॉरपोरेट जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। बोर्ड में एसबीआई के चेयरमैन सी. एस. शेट्टी, एप्पल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विराट भाटिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमडी एवं सीईओ अनीश शाह, टाटा मोटर्स के एमडी एवं सीईओ शैलेश चंद्रा, ज़ोहो कॉर्पोरेशन के सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बू, जेएसडब्ल्यू सीमेंट्स के एमडी पार्थ जिंदल,डॉ. रेड्डीज़ लेबोरेट्रीज़ के चेयरमैन डॉ.सतीश रेड्डी, ईवाई इंडिया के चेयरमैन एवं सीईओ राजीव मेमानी सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त बोर्ड में नीति आयोग, भारतीय रिजर्व बैंक, एक्सिम बैंक, डीजीएफटी सहित विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ-साथ आईसीएआई, आईसीएसआई और आईसीएमएआई के राष्ट्रीय अध्यक्षों को भी सदस्य बनाया गया है, जिससे उद्योग, वित्त और व्यापार नीति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

श्री पूरन डावर की यह नियुक्ति न केवल आगरा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश, विशेषकर फुटवियर एवं निर्यात उद्योग के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। फुटवियर उद्योग और निर्यात क्षेत्र में उनके दशकों के अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण में भी मिलेगा। उद्योग जगत का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से भारतीय उद्योगों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाने तथा निर्यात क्षेत्र को नई गति देने में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा।

श्री पूरन डावर की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा विश्वास जताया है कि उनके अनुभव से भारत के औद्योगिक विकास और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा एवं मजबूती मिलेगी।