श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की वर्ष 2026-2029 के लिए नई कार्यकारिणी गठित,कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल और मंत्री प्रशांत गुप्ता विजयी
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की वर्ष 2026 से 2029 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हो गया है। चुनाव में अनिल जिंदल को पुनः अध्यक्ष चुना गया है,जबकि विष्णु गर्ग उपाध्यक्ष तथा राजकुमार जैन निर्विरोध महामंत्री चुने गए हैं।
कमेटी के कोषाध्यक्ष और मंत्री पद के लिए तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में होने के कारण गुरुवार को मतदान कराया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में ताराचंद गोयल पुनः कोषाध्यक्ष तथा प्रशांत गुप्ता पुनः मंत्री पद पर विजयी घोषित किए गए।
इसके अलावा कमेटी की नई कार्यकारिणी के लिए लगभग 30 कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्वाचन किया गया।
संवैधानिक रूप से तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए गठित की गई नई कार्यकारिणी की चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी माधव प्रसाद अग्रवाल के निर्देशन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया में अशोक गुप्ता एवं अनिल गुप्ता ने सह चुनाव अधिकारी के रूप में सहयोग किया।
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के कुल 506 सदस्य हैं, जिनमें से 430 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन एवं सुनील विकल ने सभी विजयी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नई कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सूत्र-नंदकिशोर गोयल,मीडिया प्रभारी



