श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सरस्वती शिशु मंदिर में सजा संस्कृति का भव्य रंग

 


सांस्कृतिक कार्यक्रम व दही-हांडी प्रतियोगिता में उत्तर विजय नगर की टीम रही प्रथम

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सरस्वती शिक्षा परिषद द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजय नगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

विद्यालय के भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण, राधा तथा गोप-गोपियों का स्वरूप धारण कर मनमोहक नृत्य, गीत, नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक मानव पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ने का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में साहस, सहयोग, नेतृत्व एवं टीम भावना का संदेश दिया गया। दही-हांडी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता एवं दही-हांडी प्रतियोगिता, दोनों में सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजय नगर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में श्रीमती श्रुति सिन्हा (शिक्षाविद एवं साहित्यकार), श्रीमती वीरा सक्सेना (कथक नृत्यांगना), श्रीमती वत्सला प्रभाकर (महिला शांति सेवा अध्यक्ष) तथा फिल्म निर्देशक श्री सूरज तिवारी शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) श्री राकेश गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्यजनों में सरस्वती शिक्षा परिषद के अध्यक्ष श्री प्रमोद सारस्वत, मंत्री श्री महेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष श्री मनोज कुमार अग्रवाल, अतुल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की निदेशक श्रीमती आशु मित्तल, श्रीमती रुपाली अग्रवाल, विद्यालय अध्यक्ष श्री मनीष अग्रवाल, श्री दीपक अग्रवाल, श्री मनोज अग्रवाल, प्रबंधक श्री किशोरी श्याम गोयल, कोषाध्यक्ष श्री भविष्य अग्रवाल, श्री सचिन मंगल, श्री प्रवीण गर्ग, श्री गौरव वार्ष्णेय, फतेहपुर सीकरी के प्रबंधक, समाजसेविका श्रीमती बबीता पाठक तथा श्री रवीन्द्र तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय के अध्यक्ष श्री मनीष अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि श्री राकेश गर्ग, जो इसी विद्यालय के पुरातन छात्र रहे हैं, ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए विद्यालय से जुड़े अनुभवों को उपस्थितजनों के साथ साझा किया।

कार्यक्रम के उपरांत प्रबंध समिति एवं विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों के लिए स्नेहपूर्वक भोजन की व्यवस्था भी की गई। अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय के भव्य आयोजन, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं आतिथ्य की सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरविंद तिवारी, समस्त आचार्य-आचार्या परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।