एयरफोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट पर 221 लोगों की BMD स्क्रीनिंग

 


स्क्रीनिंग में हड्डियों की कम घनता के मिले संकेत, कार्यशील आयु में बोन हेल्थ पर ध्यान देने की जरूरत

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के शहरव्यापी जनस्वास्थ्य अभियान “आगरा मूव्स बेटर–2026” के तहत भारतीय वायुसेना स्टेशन आगरा और आगरा एयरपोर्ट पर हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स तथा CPR प्रशिक्षण से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 221 लोगों की BMD (Bone Mineral Density) स्क्रीनिंग की गई।

स्क्रीनिंग के प्रारंभिक विश्लेषण में कई लोगों में हड्डियों की घनता सामान्य से कम होने के संकेत मिले। एयरफोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट पर लगभग समान परिणाम सामने आने से यह संदेश मिला कि बोन हेल्थ केवल वृद्धावस्था की समस्या नहीं है, बल्कि कार्यशील आयु में भी हड्डियों की मजबूती पर ध्यान देना जरूरी है।

AOS ने स्पष्ट किया कि BMD स्क्रीनिंग के परिणाम प्रारंभिक संकेत हैं और इन्हें ऑस्टियोपीनिया या ऑस्टियोपोरोसिस का अंतिम चिकित्सकीय निदान नहीं माना जा सकता। असामान्य परिणाम वाले लोगों को चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर DEXA स्कैन जैसी मानक जांच कराने की सलाह दी गई।

एयरफोर्स स्टेशन पर दो स्थानों पर स्क्रीनिंग :

वायुसेना स्टेशन आगरा में एयरफोर्स हॉस्पिटल और MI Room में BMD स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। इनमें वायुसेना कर्मियों एवं उनके परिवारों की बोन हेल्थ की जांच की गई। उन्हें नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित पोषण, पर्याप्त कैल्शियम एवं विटामिन-D तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में President AFFWA (L), AF Station Agra श्रीमती मंजू राजपूत, डॉ. प्रशांत मिश्रा एवं डॉ. भार्गव एमजी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। एयरफोर्स स्टेशन के कैंप का प्रबंधन AFFWA (L) द्वारा किया गया।

एर्गोनॉमिक्स और CPR का दिया प्रशिक्षण :

एयरफोर्स ऑडिटोरियम में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में डॉ. राजीव गोयल ने कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स की जानकारी देते हुए सही पोश्चर, लंबे समय तक बैठने एवं खड़े रहने से होने वाली समस्याओं तथा गर्दन, कमर और कंधों से संबंधित मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। डॉ. रजनीश मिश्रा ने जीवनरक्षक CPR का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और हृदय संबंधी आपात स्थिति में शुरुआती मिनटों में सही तरीके से CPR शुरू करने के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में AOS की ओर से डॉ. संजय चतुर्वेदी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने सहभागिता की। अंत में डॉ. संजीव वोहरा ने आभार व्यक्त किया।

एयरपोर्ट पर यात्रियों, स्टाफ और CISF कर्मियों की भी जांच :

आगरा एयरपोर्ट पर आयोजित BMD स्क्रीनिंग में एयरपोर्ट स्टाफ, CISF जवानों एवं कर्मचारियों, इंडिगो स्टाफ तथा यात्रियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजन में एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री विवेक शर्मा तथा CISF से श्री संजय कुमार का सहयोग रहा। एयरपोर्ट पर आयोजित जागरूकता सत्र में कार्यस्थल पर सही पोश्चर, एर्गोनॉमिक्स तथा गर्दन, कमर और अन्य मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

कार्यक्रम के समापन पर AOS कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी, CISF, अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बीमारी के बाद उपचार ही नहीं, बचाव भी जरूरी :

AOS के अनुसार “आगरा मूव्स बेटर–2026” का उद्देश्य बीमारी होने के बाद उपचार तक सीमित रहने के बजाय रोकथाम, समय पर पहचान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।

पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, खिलाड़ियों और औद्योगिक कर्मचारियों के बाद भारतीय वायुसेना, एयरपोर्ट एवं CISF कर्मियों की भागीदारी ने अभियान को एक महत्वपूर्ण विस्तार दिया है।

एक दिन, दो महत्वपूर्ण कार्यस्थल और 221 बोन हेल्थ स्क्रीनिंग—अभियान ने यह संदेश दिया कि हड्डियों की सेहत की चिंता वृद्धावस्था से नहीं, बल्कि कार्यशील आयु से ही शुरू होनी चाहिए।

आगरा मूव्स बेटर–2026 आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS)

Better Bones • Better Joints • Better Agra