सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजयनगर के खिलाड़ियों ने खो-खो और बैडमिंटन में किया शानदार प्रदर्शन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजयनगर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय के चयनित खिलाड़ी अब प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बदायूं रवाना हुए।
विद्यालय के 1030 विद्यार्थियों में से चयनित खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन परिचय दिया। खो-खो में नैतिक, शिवा, अनमोल, आदित्य, कुशाग्र, कृष्णा, अंश गोला, आर्यन कश्यप, मुकुल, ईशान और यशपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं बैडमिंटन में आदित्य, शिवाय, अर्नव, जैनव और प्रज्ञा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया।
प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व विद्यालय के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रबंध समिति ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रधानाचार्य अरविंद तिवारी तथा आचार्यों के निरंतर अभ्यास, परिश्रम और मार्गदर्शन का परिणाम है। समिति ने कहा कि विद्यालय परिवार को अपने इन होनहार खिलाड़ियों पर गर्व है और विश्वास है कि वे प्रांतीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं आगरा का नाम रोशन करेंगे।सूत्र - नेहा अग्रवाल, मीडिया प्रभारी


