आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने धूमधाम से मनाया प्रथम स्थापना दिवस, कलाकार कल्याण बोर्ड के गठन की उठी मांग

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड ट्री में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी (AGUP) का प्रथम स्थापना दिवस समारोह एवं कार्यकारिणी बोर्ड बैठक धूमधाम से आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। दीप प्रज्वलन वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महासचिव संदीप उपाध्याय, आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी की अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी), उपाध्यक्ष डॉ. मंजरी शुक्ला, उपाध्यक्ष पंकज वर्मा, भीम शिरोमणि एवं देव शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी) ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कलाकारों को संगठित करने तथा उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से एक वर्ष पूर्व आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी का गठन किया गया था। संगठन ने एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। उन्होंने गत वर्ष संगठन द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया।

अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी कलाकारों के लिए एक परिवार की तरह कार्य कर रहा है। संगठन कलाकारों के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आगरा सहित प्रदेश के लगभग पांच जिलों में 500 से अधिक कलाकार गिल्ड से जुड़कर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से कलाकारों के हित एवं कल्याण के लिए विशेष ‘कलाकार कल्याण बोर्ड’ गठित करने की मांग की।

मुख्य अतिथि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन लंबे समय से कलाकारों के लिए एक अलग वर्टिकल की आवश्यकता महसूस करता रहा है। आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने कम समय में कलाकारों के हितों के लिए सराहनीय कार्य किया है। हमारा प्रयास है कि कलाकारों को हर मंच पर उचित सम्मान और उचित मानदेय मिले।

उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग के माध्यम से प्रदेश सरकार कलाकारों के लिए योजनाएं बनाती है, लेकिन आवश्यकता ऐसी मजबूत और ठोस कार्ययोजना की है, जिससे जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में कलाकारों की सहभागिता उचित मानदेय और सम्मान के साथ सुनिश्चित हो सके। कलाकार समाज के जीवन में एकाग्रता, उल्लास और उमंग भरते हैं, इसलिए उनके जीवन में भी उत्साह और सम्मान बना रहे, यह समाज की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर गिल्ड के सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, निधि सोनी एवं साहिल चौहान ने सभी को प्रथम स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कलाकार दर्शकों का मनोरंजन कर उनके जीवन में खुशियां भरते हैं, लेकिन कलाकार की ऊर्जा और उत्साह उसकी कला पर मिलने वाली तालियां, सम्मान और मानदेय से बढ़ता है। कलाकार पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करता है, इसलिए उसकी कला को समझना और सम्मान देना आवश्यक है।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं प्रमुख रूप से ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, अपूर्व सिंह एवं श्रीकांत ने संभालीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पंकज गोयल, सौरभ सिंघल, संस्था के एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता सहित बड़ी संख्या में कलाकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।