मानव सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा,सेवा और संवेदना को बढ़ावा देने का संदेश
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ताजमहल पूर्वी गेट स्थित कुष्ठ सेवा सदन में गुरुवार को मानव सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी की सचिव डाॅ. मधु भारद्वाज, राम प्रसाद राजपूत, समाजसेवी श्याम भोजवानी, चांदनी भोजवानी, हर्षिल सहित कुष्ठ रोगियों ने राष्ट्रध्वज तिरंगे को नमन किया। इस दौरान भारत माता की जय के उद्घोष से कुष्ठ सेवा सदन गूंज उठा।
कार्यक्रम में भजन कलाकार किशोर हीरानी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। आयोजकों ने कुष्ठ रोगियों को तिरंगे के सम्मान के साथ उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा है और समाज के ऐसे लोगों के बीच अपनापन, सम्मान एवं संवेदना का भाव पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में “अपने लिए जिए तो क्या जिए, तू जी ऐ दिल जमाने के लिए” संदेश के माध्यम से कहा गया कि जीवन की सार्थकता केवल अपने सुख तक सीमित नहीं, बल्कि दूसरों की खुशियों और सम्मान के लिए कार्य करने में है।
लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी की सचिव डाॅ. मधु भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सेवा और सहयोग के रूप में दिखाई देना चाहिए। जरूरतमंदों के साथ समय बिताना, उनका सम्मान करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना ही मानवता की सच्ची पहचान है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित एवं मानवसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कुष्ठ सेवा सदन में लंबे समय से निवास कर रहे परशुराम ने सम्मान एवं कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की ओर से प्रेम, सम्मान और अपनापन मिलना उनके लिए बेहद भावुक एवं सुखद अनुभव है।
कार्यक्रम में डाॅ. मधु भारद्वाज, राम प्रसाद राजपूत, श्याम भोजवानी, चांदनी भोजवानी, हर्षिल, मुन्नालाल, त्रिलोक सिंह, सलाउद्दीन, मुशर्रफ, सीताराम, बाबूलाल, धर्मपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

