बेहतर काम के लिए जरूरी है बेहतर पोस्चर,कर्मचारियों को सिखाए सुरक्षित कार्यशैली के गुर



अशोक कॉसमॉस मॉल में कर्मचारियों को सही मुद्रा,वजन उठाने और मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव का प्रशिक्षण

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 20 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के माहव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के तहत अशोक कॉसमॉस मॉल में कर्मचारियों के लिए Workplace Posture एवं Musculoskeletal Health Awareness Programme आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को काम के दौरान सही पोस्चर अपनाने, सुरक्षित तरीके से वजन उठाने और कमर, गर्दन, कंधे व घुटनों की समस्याओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

डॉ.गौरव राजपाल ने कहा कि लंबे समय तक गलत मुद्रा में बैठने या खड़े रहने तथा गलत तरीके से वजन उठाने से मांसपेशियों और जोड़ों पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। इससे भविष्य में दर्द और मस्कुलोस्केलेटल समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कर्मचारियों को ‘Lift Smart’ तकनीक समझाते हुए बताया कि जमीन से सामान उठाते समय कमर झुकाने के बजाय घुटनों को मोड़कर, भार को शरीर के करीब रखकर और संतुलित तरीके से उठाना चाहिए।

उन्होंने काम के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लेने, हल्की स्ट्रेचिंग करने, सही तरीके से बैठने-खड़े होने और नियमित शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में Agra Moves Better 2026 के चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा तथा AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य हड्डी एवं जोड़ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को अस्पतालों तक सीमित न रखकर लोगों के वास्तविक कार्यस्थलों तक पहुंचाना है, ताकि बीमारी और चोट की रोकथाम समय रहते की जा सके।

अशोक कॉसमॉस मॉल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों ने अपने दैनिक कार्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञों से चर्चा की और सवाल पूछे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रंजना बंसल ने आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी एवं उपस्थित चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का व्यावहारिक प्रशिक्षण कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्य संस्कृति के लिए अत्यंत उपयोगी है।

AOS द्वारा Agra Moves Better–2026 के अंतर्गत अगस्त माह में अस्पतालों, उद्योगों, स्कूलों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न कार्यस्थलों तक पहुंचकर हड्डी-जोड़ स्वास्थ्य, पोस्चर, ऑस्टियोपोरोसिस, चोट से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

संदेश: काम भी बेहतर • पोस्चर भी बेहतर • जिंदगी भी बेहतर

Better Bones • Better Life • Better Agra