राधे झूलन पधारो, घिर आए बदरा...
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। “हरे राम, हरे कृष्ण” के संकीर्तन से गूंजता मंदिर परिसर, चारों ओर फूलों की महक और हरियाली की मनमोहक छटा के बीच कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में झूलन महोत्सव भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। मोगरे के फूलों तथा अशोक और आम के पत्तों से श्रीराधा-कृष्ण के लिए आकर्षक एवं प्राकृतिक झूला सजाया गया। सिर पर मोर मुकुट और हाथों में बांसुरी धारण किए राधारानी संग झूले में विराजे कन्हैया के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। भगवान को झोंटा देने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।
महोत्सव के अंतर्गत मंदिर में संकीर्तन, आकर्षक झांकियों और भव्य फूल बंगले का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रीजगन्नाथ भगवान के साथ बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का भी विशेष श्रृंगार किया गया। गुलाबी रंग की मनमोहक पोशाक और सुगंधित पुष्पों से सजे भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रीकृष्ण जन्म कथा का वर्णन करते हुए बताया कि झूलन यात्रा महोत्सव 28 अगस्त तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में कथा, संकीर्तन और फूल बंगले की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
महोत्सव में मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव, अदिति गौरांगी आदि उपस्थित रहे।



