स्वदेशी से स्वावलंबन और ‘मेक इन इंडिया’ से ‘मेक फॉर वर्ल्ड’ का दिया संदेश
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। लघु उद्योग भारती जिला आगरा द्वारा सी-40, कमला नगर स्थित कार्यालय पर 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रध्वज फहराकर एवं राष्ट्रगान के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में उद्यमियों ने “पहले राष्ट्रहित, फिर उद्योगहित” का संकल्प लेते हुए भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता में योगदान का प्रण लिया।
मुख्य अतिथि यूपी लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि स्वतंत्रता के वास्तविक मायने समझते हुए अब देश की आर्थिक आजादी के लिए भी प्रयास करना होगा। लघु उद्योग देश के आर्थिक विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी से स्वावलंबन, कुटीर से लघु और लघु से मध्यम उद्योगों की ओर बढ़ने की गति तेज करनी होगी। उन्होंने देश के सम्मान और मर्यादाओं को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र विकास में योगदान का संकल्प लेकर आगे बढ़ना होगा। पारंपरिक उद्योगों से युवा पीढ़ी को जोड़ते हुए अपनी औद्योगिक विरासत को आगे बढ़ाना जरूरी है।
जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि तिरंगे के चार रंग देश, उद्योग, सेवा और समर्पण का संदेश देते हैं। इन्हीं भावनाओं के साथ राष्ट्रहित में कार्य करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन सेल अध्यक्ष एवं टीटीजे प्राधिकरण के सदस्य इंजीनियर उमेश शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महासचिव राजीव बंसल ने दिया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष संजीव जैन, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, शैलेश अग्रवाल, सीए नीतिश गुप्ता, सीए आलोक अग्रवाल, राजेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

