कुष्ठ रोगियों के बीच पहुंचीं जूही बब्बर सोनी बोलीं ! ये परिवार बिल्कुल मेरे परिवार की तरह है, ये मुझे विरासत में मिला है”

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अभिनेत्री एवं समाजसेवी जूही बब्बर सोनी ने पुरानी महापालिका बिल्डिंग स्थित कुष्ठ सेवा सदन पहुंचकर कुष्ठ रोगियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने रोगियों के साथ समय बिताया और अपने हाथों से उन्हें भोजन कराया। जूही के इस अपनत्व भरे व्यवहार ने कुष्ठ रोगियों के बीच भावनात्मक माहौल बना दिया।

इस अवसर पर जूही बब्बर सोनी ने कहा, “ये परिवार बिल्कुल मेरे परिवार की तरह है। ये परिवार मुझे विरासत में मिला है।” उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में भय और भेदभाव नहीं, बल्कि जागरूकता, स्वच्छता और मानवीय संवेदना की आवश्यकता है। महात्मा गांधी के विचारों को जीवित रखने के लिए कुष्ठ सेवा सदन जैसे स्थानों से जुड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बीमारी से दूरी बनाने के बजाय व्यक्ति से जुड़ने और उसे अपनत्व देने की जरूरत है। कुष्ठ रोगी भी समाज और परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे कुष्ठ सेवा सदन आएं, रोगियों से मिलें और उनके प्रति सम्मान, सौहार्द एवं अपनत्व की भावना बढ़ाएं।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण और संवेदना का संदेश :

कार्यक्रम के दौरान जूही बब्बर सोनी ने कुष्ठ सेवा सदन परिसर में फलदार पौधों का पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा, “हम हों या न हों, लेकिन ये पौधे हमेशा रहेंगे।” उन्होंने पौधारोपण को आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी, संवेदना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया।

जूही ने कहा कि जब भी अनूप सोनी या उनके पुत्र आगरा आएंगे, वे कुष्ठ सेवा सदन अवश्य आएंगे। उन्होंने कुष्ठ रोगियों के साथ निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की भावना भी व्यक्त की।

गांधी जी के चित्र पर किया माल्यार्पण :

कार्यक्रम में डॉ. मधु भारद्वाज ने जूही बब्बर सोनी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कुष्ठ रोगियों की ओर से भी उन्हें पुष्पगुच्छ प्रदान किया गया। जूही बब्बर सोनी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और गांधी जी के विचारों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर संजय चोपड़ा, संकल्प भारद्वाज, जी. एस. मनराल, सूरज तिवारी, राहत, लायन्स क्लब एमजेएफ कोहिनूर की ऊषा अग्रवाल एवं अन्य सदस्य तथा कुष्ठ सेवा सदन के मरीज उपस्थित रहे। जूही बब्बर सोनी के साथ उनकी टीम की सदस्य रिया भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के अंत में जी. एस. मनराल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। जूही बब्बर सोनी की यह मुलाकात कुष्ठ रोगियों के प्रति संवेदना, अपनत्व, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे गई।

रिपोर्ट : असलम सलीमी