एक सप्ताह में 500 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा वर्ष 2026-27 के स्वर्णिम वर्ष के उपलक्ष्य में इदगाह रेलवे स्टेशन, आगरा से प्रारंभ किए गए मेगा वृक्षारोपण अभियान का समापन समारोह रविवार को उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ विजयनगर कॉलोनी स्थित विजय क्लब में संपन्न हुआ। एक सप्ताह तक चले इस विशेष अभियान में 500 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायन लेडी अर्चना अग्रवाल द्वारा ध्वज वंदना से हुआ। क्लब अध्यक्ष लायन सीए राकेश अग्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2026-27 क्लब का स्वर्णिम वर्ष है। इसी भावना के अनुरूप वृक्षारोपण को केवल एक नियमित सेवा गतिविधि न मानकर पूरे एक सप्ताह तक चलने वाले विशेष वृक्षारोपण अभियान के रूप में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं हैं, बल्कि समस्त जीव-जगत के जीवन का आधार हैं। वे हमें ऑक्सीजन, फल, भोजन और आश्रय प्रदान करते हैं तथा पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के चेयरपर्सन लायन सुनील अग्रवाल ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि लायन डॉ. आर.एन. वर्मा, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, 321 C2, वॉइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-1 लायन अजय भार्गव एवं वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर -2 लायन अजय अग्रवाल ने भी क्लब की गतिविधियों की प्रशंसा की।
क्लब सचिव लायन मनीष बंसल ने आभार व्यक्त किया। लायन अजय मनचंदा ने संचालन किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विजय क्लब परिसर में पौधारोपण किया गया तथा परिसर स्थित मंदिर में पौधों के गमले भेंट किए गए।
इस अवसर पर लायन अजय बंसल, लायन संजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन सोम मित्तल, लायन विजय सेठिया, लायन विशाल अग्रवाल, लायन सुशील कपूर, लायन नंद बंसल, लायन रवि शंकर, लायन अनूप गुप्ता, लायन विवेक गुप्ता, लायन संजय बंसल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। लायन लेडीज में अर्चना अग्रवाल, सुप्रिया मनचंदा, नीलिमा, मीना अग्रवाल, नीति अग्रवाल, उर्मिल अग्रवाल, उमा अग्रवाल सहित अनेक सदस्याओं की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही।



