आगरा सीड्स एंड पेस्टीसाइड एसोसिएशन की प्रथम वर्षगांठ पर एकजुटता का संकल्प



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 25 अगस्त। आगरा सीड्स एंड पेस्टीसाइड एसोसिएशन की प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित आत्मीय मिलन एवं संगठनात्मक बैठक में संगठन की एकता, आपसी भाईचारे और व्यापारी हितों को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश बीज व्यापारी सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश चोला, उपाध्यक्ष ओम बाबू कुशवाहा एवं कार्यसमिति सदस्य योगेंद्र प्रकाश ने उपस्थित होकर सदस्यों का मार्गदर्शन किया। शहर के प्रतिष्ठित विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर व्यापारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बीज एवं कृषि व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं को शासन एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में वह सहयोग करेंगे। चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल ने भी संगठन को अपना स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के मनीष अग्रवाल, अध्यक्ष सुधीर चोला, किशन सिंह, विजय भाई, शुक्ला जी, रवि शर्मा,भूप सिंह ,शैलेंद्र जी, सौरभ जी एवं नरेंद्र जी ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया।

इस अवसर पर मनीष अग्रवाल को सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों और सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके सेवा-भाव एवं सामाजिक योगदान की सराहना की।

बैठक में SATHI पोर्टल की अनिवार्यता के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त स्थगनादेश के लिए उत्तर प्रदेश बीज व्यापारी सेवा समिति के पदाधिकारियों के प्रति प्रदेशभर के बीज व्यापारियों की ओर से आभार व्यक्त किया गया। सदस्यों ने कहा कि समिति के प्रयास से बीज व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारिक हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि किसानों और समाज के हितों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। संगठन की शक्ति आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग में निहित है।

कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, व्यापारी हितों की रक्षा तथा आपसी प्रेम और सहयोग की भावना को निरंतर मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।