हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। एंथला अपार्टमेंट,सेक्टर-12 निवासी 71 वर्षीय श्रीमती धीरज जैन, धर्मपत्नी स्वर्गीय विजय कुमार जैन, के निधन के बाद उनके सुपुत्र निदित जैन ने नेत्रदान की पहल करते हुए हेल्प आगरा संस्था के नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन से संपर्क किया।
सूचना मिलने पर हेल्प आगरा के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रिफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। उनके नेत्रदान से दो जरूरतमंद दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है।
हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने लोगों से नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होती, सूचना मिलने पर चिकित्सकीय टीम स्वयं नेत्रदानी के पास पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करती है।
नेत्रदान के लिए 9319111000 पर संपर्क किया जा सकता है।

