हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 24 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के शहरव्यापी जनस्वास्थ्य अभियान ‘Agra Moves Better–2026’ के तहत चंद्रावती कन्या विद्यालय में छात्राओं, शिक्षिकाओं और महिलाओं के लिए बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में कम उम्र से ही हड्डियों की सेहत के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
शिविर में विभिन्न आयु वर्ग की छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं महिलाओं की BMD जांच की गई। कुछ प्रतिभागियों में अपेक्षाकृत कम स्क्रीनिंग वैल्यू मिलने पर उन्हें संतुलित एवं कैल्शियम-प्रोटीन युक्त आहार, पर्याप्त विटामिन-D, धूप और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
AOS विशेषज्ञों ने बताया कि महिलाओं की हड्डियों की मजबूती की नींव बचपन और किशोरावस्था से ही रखी जाती है। नियमित खेलकूद और weight-bearing exercise भी हड्डियों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया कि शिविर में की गई BMD जांच केवल स्क्रीनिंग टेस्ट है, इसे अकेले ऑस्टियोपोरोसिस का अंतिम निदान नहीं माना जा सकता। कम वैल्यू आने पर उम्र और अन्य जोखिम कारकों के आधार पर चिकित्सकीय मूल्यांकन जरूरी है।
AOS का उद्देश्य अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक हड्डी, जोड़ और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पहुंचाना है।
AOS का संदेश-“मजबूत बेटियां • मजबूत हड्डियां • स्वस्थ भविष्य”


