IGRS पोर्टल के दुरुपयोग का आरोप, ब्रांडेड मिठाई दुकानों को निशाना बनाने की शिकायत



व्यापारियों ने जिलाधिकारी और खाद्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष मामला रखने का लिया निर्णय

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। IGRS पोर्टल पर खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों के कथित दुरुपयोग और ब्रांडेड हलवाई एवं मिठाई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने का मुद्दा सामने आया है। इस संबंध में 25 अगस्त को आगरा मंडल व्यापार संगठन के कार्यालय पर आगरा स्वीट एंड नमकीन मैन्युफैक्चर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत के साथ व्यापारियों की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में राजकुमार भगत ने कहा कि IGRS पोर्टल का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब अथवा सड़े-गले खाद्य पदार्थ, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री जैसी वास्तविक शिकायतों के निस्तारण के लिए किया गया है। आरोप लगाया गया कि कुछ उपभोक्ता अपने व्यक्तिगत हितों के लिए पोर्टल पर अनावश्यक अथवा तथ्यहीन शिकायतें दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एक ही फोन नंबर से बार-बार शिकायतें किए जाने से प्रतिष्ठित दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनकी प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दबाव में कई बार संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता की बात के आधार पर कार्रवाई कर दी जाती है, जिससे व्यापारियों के सामने कठिनाई उत्पन्न होती है। व्यापारियों ने मांग की कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई की जाए और बार-बार की जाने वाली निराधार शिकायतों पर भी उचित व्यवस्था बनाई जाए।

व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए निर्णय लिया कि इस विषय को शीघ्र ही जिलाधिकारी एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि वास्तविक शिकायतों का समाधान होने के साथ-साथ कथित रूप से निराधार शिकायतों से व्यापारियों को राहत मिल सके।

बैठक में गिरीश चंद गोयल, राजेश अग्रवाल, त्रिलोक चंद शर्मा, रिंकू अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, राजकुमार भगत, निखिल अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, राजीव गुप्ता, अखिल बंसल, राजेश अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, अशोक कुमार अग्रवाल, सचिन गर्ग एडवोकेट, अंकित पाठक आदि मौजूद रहे।