विधान परिषद चुनाव : भाजपा ने घोषित किए 11 प्रत्याशी

आगरा शिक्षक सीट से इंजी. हरि किशोर तिवारी प्रत्याशी घोषित

हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कुमार चौधरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची पूरी कर दी है। पार्टी ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 11 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशियों में लखनऊ स्नातक से अवनीश कुमार सिंह, आगरा स्नातक से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह, वाराणसी स्नातक से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक से दिनेश गोयल तथा इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, वाराणसी से डॉ. प्रमोद मिश्रा,आगरा से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी तथा गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।

विधान परिषद की इन सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को प्रस्तावित है,जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।