भारतीय मजदूर संघ में संगठन विस्तार को गति

तहसील स्तर तक पहुंचेगी " भारतीय मजदूर संघ " की आवाज ।

 जिला कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर । प्रभारियों व तहसील संयोजकों की नियुक्ति।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भगौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को तहसील स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर मंथन किया गया। संगठन विस्तार को गति देने के लिए जिला प्रभारियों और तहसील संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा भी की गई।

इनको मिली जिम्मेदारी :

जिला कार्यकारिणी में अनामिका शर्मा, कुलदीप राना और जगन्नाथ शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया। तहसील स्तर पर लोकेन्द्र तिवारी को सदर, राजेश सिंह को खेरागढ़, मंजू को फतेहाबाद, राहुल भारद्वाज को किरावली, डॉ. शैलेंद्र राजपूत को बाह तथा अंशुल पचौरी को एत्मादपुर तहसील का संयोजक बनाया गया।

हर कर्मचारी की आवाज बनेगा संगठन : सौरभ शर्मा

जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा प्रत्येक कर्मचारी की आवाज बनकर उभरेगा। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को उठाने के साथ उनके हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद, जागरूकता और समाधान की दिशा में प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय के निर्देशों के क्रम में शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में भारतीय मजदूर संघ की शाखाओं का गठन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि तहसील संयोजकों की नियुक्ति से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर कर्मचारी अपनी समस्याएं और सुझाव संगठन तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। आगामी दिनों में सदस्यता अभियान, संपर्क अभियान और संगठन विस्तार के कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

जमीनी स्तर पर मजबूत होगा संगठन :

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता और कर्मचारियों से सीधा संवाद है। नवनियुक्त प्रभारी एवं तहसील संयोजक अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाएंगे।

बैठक में पप्पी धनगर, सोमेश शर्मा और कार्यालय प्रमुख ऋषिकेश झा उपस्थित रहे। व्यवस्थाओं में पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने सहयोग प्रदान किया। बैठक का संचालन जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने किया। अंत में नवनियुक्त प्रभारियों एवं तहसील संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।