हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सेवा भारती ब्रज प्रदेश की ओर से 23 से 30 सितंबर 2026 तक ‘सुपोषित भारत अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वमं सेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख सेन्थिल कुमार व पश्चिम उप्र क्षेत्र के सेवा प्रमुख धनीराम जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य कुपोषण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ मातृ एवं शिशु,संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता वंदन, उद्घाटन और संकल्प के साथ होगी। इसके बाद कुपोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया निवारण और सुपोषण विषय पर विशेषज्ञों द्वारा संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, टीकाकरण, परामर्श और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। बच्चों और युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से संतुलित एवं पौष्टिक थाली बनाने की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। इसके अलावा गांव और नगरों में जन जागरण रैली एवं वाहन रैली निकालकर सुपोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया जाएगा। अभियान के दौरान मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश देने के साथ पोस्टर एवं पंपलेट का वितरण भी किया जाएगा।
महिला प्रबोधन कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण, स्वच्छता, गर्भवती माताओं की देखभाल और एनीमिया से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाएगा। चित्र, ग्राफ और वीडियो के माध्यम से सुपोषण से जुड़ी जानकारी का प्रदर्शन भी होगा। बताया गया कि अभियान का व्यापक उद्देश्य कुपोषण मुक्त भारत, स्वस्थ मातृ एवं शिशु, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। सेवा भारती ने समाज के सभी वर्गों से अभियान में सहभागिता करने और सुपोषण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रमोद जी शर्मा क्षेत्र कार्यवाहक, शशांक जी भाटिया माननीय प्रान्त संघचालक, उमेश जी गर्ग अध्यक्ष सेवा भारती बृज प्रदेश, प्रमोद कुमार जी सेवा भारती ब्रज प्रदेश संगठन मंत्री, संजय शर्मा जी सेवा भारती ब्रज प्रदेश महासचिव, सूर्यनारायण मिश्र जी सेवा भारती ब्रज प्रदेश सचिव, भूपेन्द्र परिहार जी सेवा भारती ब्रज प्रदेश कोषाध्यक्ष, निर्मला सिंह जी सेवा भारती ब्रज प्रदेश उपाध्यक्ष, पंकज खंडेलवाल जी ब्रज प्रान्त सह सेवा प्रमुख, चंदन जी ब्रज प्रान्त सह सेवा प्रमुख आदि उपस्थित थे।


