टोरेंट पावर की मनमानी, प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में नहीं बदला जा रहा



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने विद्युत फ्रेंचाइजी टोरेंट पावर पर उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित नहीं करने का आरोप लगाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

आगरा मंडल व्यापार संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद्र गोयल एवं महामंत्री त्रिलोक चंद शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि आगरा में टोरेंट पावर की हठधर्मिता के कारण प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मीटरों में नहीं बदला जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व में विरोध प्रदर्शन भी किया गया था।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय ऊर्जा मंत्री द्वारा प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मीटरों में परिवर्तित किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन घोषणा के करीब दो माह बाद भी आगरा में विद्युत फ्रेंचाइजी टोरेंट पावर लिमिटेड द्वारा उपभोक्ताओं को यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को टोरेंट पावर के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद्र गोयल ने कहा कि यदि टोरेंट पावर ने इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो संगठन विद्युत फ्रेंचाइजी के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगा।

वहीं संगठन के विद्युत प्रकोष्ठ के उप चेयरमैन प्रदीप कुमार लूथरा ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो रही है, वे संगठन के कार्यालय मीनाक्षी टावर, बेलनगंज में प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों एवं लाइसेंसी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों से संपर्क कर पूरा सहयोग करेगा।