‘मीट एट आगरा’ में दिखेगी फुटवियर उद्योग की नई तकनीक, 250 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल



3 से 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर में सजेगा 18वां संस्करण,चीन की आठ कंपनियां भी लेंगी हिस्सा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। फुटवियर उद्योग की आधुनिक मशीनरी, कंपोनेंट्स, कच्ची सामग्री और नई तकनीक का प्रमुख मंच ‘मीट एट आगरा’ इस बार अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में आयोजित होगा। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) की ओर से सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 18वें संस्करण में देश-विदेश के 250 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे। तीन दिनों में करीब 20 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।

सोमवार को बाईपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित आधिकारिक घोषणा कार्यक्रम में एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि फेयर में फुटवियर निर्माण से जुड़ी आधुनिक मशीनरी, कंपोनेंट्स, सामग्री और तकनीक एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। इस बार चीन की आठ कंपनियां भी अपने उत्पाद, मशीनरी और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा इटली, चीन और ताइवान के व्यापार आयुक्तों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

18 साल में उद्योग का प्रमुख मंच बना आयोजन :

गोपाल गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2007 में एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने आगरा के फुटवियर उद्योग की सप्लाई चेन को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘मीट एट आगरा’ की शुरुआत की थी। एफमेक के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री के चेयरमैन पूरन डावर के कार्यकाल में आयोजन को नई ऊंचाइयां मिलीं। अब 18वें संस्करण को और व्यापक एवं अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि चीन की कंपनियों की भागीदारी से आगरा के उद्यमियों के लिए तकनीकी सहयोग, संयुक्त उपक्रम और व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसर सामने आ सकते हैं। स्थानीय कारोबारियों को इन संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

एफटीए से नए बाजारों की संभावनाएं :

गोपाल गुप्ता ने कहा कि भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स से भारतीय फुटवियर उद्योग के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई संभावनाएं बन रही हैं। घरेलू और निर्यात कारोबार से जुड़े निर्माताओं को नई तकनीक,आधुनिक मशीनरी और बदलती बाजार जरूरतों को समझते हुए अपनी उत्पादन क्षमता और उत्पादों को समय के अनुरूप विकसित करना होगा।

उन्होंने आगरा को ‘फुटवियर कैपिटल’ के रूप में पहचान मिलने और आगरा के लेदर फुटवियर को जीआई टैग मिलने को उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका लाभ स्थानीय निर्माताओं और निर्यातकों को आगे मिलेगा।

गोपाल गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को भी आयोजन में शामिल होने की इच्छा थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं शुल्क संबंधी विषयों पर वार्ता के सिलसिले में 30 सितंबर को अमेरिका की प्रस्तावित यात्रा के कारण उनकी उपस्थिति संभव नहीं हो पा रही है।

घरेलू निर्माताओं की भागीदारी पर जोर :

एफमेक अध्यक्ष ने कहा कि इस बार घरेलू बाजार से जुड़े फुटवियर निर्माताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने विजय सामा, उपेंद्र सिंह और संचित मुंजाल का आभार जताया, जिन्होंने बड़ी संख्या में उद्योग कारोबारियों को फेयर में शामिल कराने का आश्वासन दिया है।

एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने कहा कि आयोजन अब फुटवियर निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के बीच मजबूत कारोबारी संपर्क का माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में करीब 20 हजार विजिटर्स के आने की संभावना है।

तकनीकी उन्नयन पर फोकस :

एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए आधुनिक तकनीक और नई उत्पादन प्रणालियों को अपनाना जरूरी है। चीन सहित विभिन्न देशों की कंपनियों की भागीदारी से स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक मशीनरी, उत्पादन तकनीक, कंपोनेंट्स और नई सामग्री को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

एफमेक उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने बताया कि 3 अक्टूबर को फेयर का उद्घाटन मुख्य अतिथि स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मशीनरी और उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नए कारोबारी संबंध और बाजार विस्तार का भी मंच है।

‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ होगी थीम :

फेयर चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि ‘मीट एट आगरा-2026’ की थीम ‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ रखी गई है। फेयर में उद्यमियों को नई तकनीक, नए मटेरियल, कंपोनेंट्स और वैश्विक फुटवियर बाजार के बदलते रुझानों से रूबरू कराया जाएगा।

एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने कहा कि आगरा के फुटवियर उद्योग की बड़ी ताकत छोटे और मध्यम उद्यम, निर्माता और कुशल कारीगर हैं। फेयर उन्हें नई तकनीक, बेहतर कच्ची सामग्री और आधुनिक उत्पादन व्यवस्थाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा।

एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी ने कहा कि वैश्विक फुटवियर बाजार में गुणवत्ता, डिजाइन, नवाचार और तकनीकी उन्नयन की भूमिका लगातार बढ़ रही है। युवा उद्यमियों के लिए भी यह आयोजन नए विचारों और कारोबारी संभावनाओं को समझने का अवसर देगा।

एफमेक कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा ने कहा कि आयोजन से फुटवियर उद्योग में निवेश, उत्पादन विस्तार और कारोबारी सहयोग की संभावनाओं को बल मिलेगा।

कार्यक्रम में सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’, प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा, रोमी लूथरा और दिलीप रैना विशेष रूप से उपस्थित रहे।