ताजनगरी में जुटेंगे प्रदेश भर के विद्युत व्यापारी


13 सितंबर को हैवेन्स गार्डन में होगा आगरा का पहला विशाल इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026

प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा के साथ होगा विद्युत व्यापार मेला, व्यापार, तकनीक और नए अवसरों का होगा संगम

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताजनगरी में प्रदेश भर के विद्युत व्यापारी जुटेंगे और इलेक्ट्रिक उद्योग का एक भव्य मंच सजेगा। यहां व्यापार, आधुनिक तकनीक और नए अवसरों का संगम देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों से संवाद, प्रतिष्ठित ब्रांड्स के नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन तथा विद्युत उद्योग की नई संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।

आगरा इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा के साथ पहली बार आगरा में एक दिवसीय विशाल विद्युत व्यापार मेले इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 13 सितंबर, रविवार को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ताज नगरी फेस-दो, फतेहाबाद रोड स्थित हैवेन्स गार्डन में होगा।

शनिवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजक विद्युत व्यापारियों ने जन-जागरूकता के उद्देश्य से आगरा के पहले विशाल एवं भव्य इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026 का आकर्षक आमंत्रण पत्र और पोस्टर जारी किया तथा आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

एक्सपो में सभी की एंट्री निशुल्क :

एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बताया कि इस विशाल विद्युत व्यापार मेले में 40 से 50 स्टॉलों पर इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां, निर्माता और प्रमुख ब्रांड्स अपने नवीनतम उत्पादों, आधुनिक तकनीक और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि एक्सपो में आमजन और व्यापारियों सहित सभी की एंट्री निशुल्क रहेगी।

प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा में होगा मंथन :

वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल ने बताया कि विद्युत व्यापार के इस महाकुंभ में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्युत व्यापार संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होकर उद्योग की नई संभावनाओं, व्यापारिक चुनौतियों और व्यापारी हितों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा।

जरूरी इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर टैक्स दर कम करने की मांग :

एसोसिएशन के महासचिव राकेश गुप्ता ने विद्युत व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों की ओर से मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि दैनिक जीवन और उद्योगों में उपयोग होने वाले जरूरी इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर टैक्स एवं जीएसटी की दरों में कमी की जाए, जिससे आम जनता और व्यापार जगत दोनों को राहत मिल सके।

‘वोकल फॉर लोकल’ पर विशेष जोर :

महासचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि आगरा में पहली बार आयोजित हो रहा यह एक्सपो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन से प्रेरित है। उन्होंने भारतीय कंपनियों से स्थानीय व्यापारियों की आवश्यकताओं को समझते हुए स्वदेशी उद्योग और व्यापार को मजबूत करने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बिखरेगी इंद्रधनुषी छटा :

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि शाम 6 बजे से विविध मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और संदेशप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए दाल-बाटी का विशेष आयोजन भी रहेगा।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद :

पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र जारी करने के दौरान मुकेश गुप्ता, हरेश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, संजीव अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, संदीप तिवारी, अनंत अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, पंकज जिंदल, राजेश कुमार बरौलिया, दयानंद गुप्ता, दिलीप आहूजा, विपुल बंसल, स्वदेश बंसल, रवि अग्रवाल, अनिल कुंडलानी, संजय कुंडलानी, राधा वल्लभ अग्रवाल और निशु बंसल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।