इलेक्ट्रिकल एक्सपो : विद्युत सामग्री पर जीएसटी पांच फीसदी करने की मांग



इलेक्ट्रिकल एक्सपो में 60 स्टॉलों पर प्रदर्शित हुए विद्युत उत्पाद,प्रदेशभर से जुटे व्यापारी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा इलेक्ट्रिकल कांट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित हैवंस गार्डन में प्रदेश कार्यकारिणी सभा एवं विद्युत व्यापार मेला आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग ने फीता काटकर इलेक्ट्रिकल एक्सपो का उद्घाटन किया। एक्सपो में 60 स्टॉलों पर विभिन्न विद्युत उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखने के लिए व्यापारियों और आम लोगों की भीड़ रही।

प्रदेश कार्यकारिणी सभा को संबोधित करते हुए राकेश गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योग प्रोत्साहन की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश देशभर में उद्योगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने सरकार से आम उपभोक्ताओं के दैनिक उपयोग की विद्युत सामग्री पर जीएसटी की दर पांच फीसदी करने की मांग की। उन्होंने उपभोक्ताओं से आईएसआई मार्क वाले गुणवत्तापूर्ण विद्युत उत्पादों का इस्तेमाल करने तथा शादी-विवाह और अन्य सार्वजनिक समारोहों में अस्थायी विद्युत वायरिंग का कार्य लाइसेंस प्राप्त विद्युत ठेकेदार से कराने की अपील की।

प्रदेश महामंत्री संजीव चान्दना ने कहा कि प्रदेश में अबाधित विद्युत आपूर्ति और भयमुक्त व्यापार का वातावरण बनने से पिछले 12 वर्षों में विद्युत उत्पादों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की आवास योजनाओं के तहत गरीब परिवारों के मकानों में इस्तेमाल होने वाली विद्युत सामग्री पर भी पांच फीसदी जीएसटी लागू करने की मांग की।

आगरा संगठन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर जीएसटी पांच फीसदी करने की मांग रखी। उन्होंने विद्युत व्यापारियों से एकजुट होने तथा ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपने बच्चों को भी ऑनलाइन ट्रेडिंग से दूर रहने के लिए जागरूक करना चाहिए।

इस अवसर पर संगठन के इतिहास, मेमोरेंडम एवं नियमावली से संबंधित सामग्री का विमोचन किया गया। वरिष्ठ विद्युत व्यापारियों को सम्मानित किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दाल-बाटी का आयोजन हुआ।

इससे पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सभा का शुभारंभ शंभूनाथ भार्गव के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम का संचालन महासचिव राकेश गुप्ता,वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल और उपाध्यक्ष स्वदेश बंसल ने किया।

कार्यक्रम में प्रदेश संरक्षक महेश चंद शर्मा, हरि गोपाल शर्मा, आगरा संरक्षक चंद्र मोहन अग्रवाल, आगरा कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल के अलावा रवि प्रकाश अग्रवाल, रवींद्र अग्रवाल, संजय कुंडलानी, ललित जैन, दीपक गुप्ता, अनुज माहेश्वरी, राकेश अग्रवाल, राजेश यादव, संजीव गुप्ता, दिलीप आहूजा, राहुल अग्रवाल, विपुल गोयल, नवीन बंसल, पवन गोयल, वीरेंद्र शर्मा, दिनेश जैन, निशु बंसल और गणेश गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।