हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ, 25 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग, लखनऊ में पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी के पोस्टर और आमंत्रण पत्र का विमोचन किया। यह आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति की ओर से उनकी जन्मस्थली नगला चंद्रभान, दीनदयाल धाम, फरह, मथुरा में 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी और कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाठक मौजूद रहे। चार दिवसीय मेले को स्वदेशी, स्वावलंबन और भारतीय संस्कृति को समर्पित किया गया है। आयोजन में अंत्योदय से आत्मनिर्भरता, एकात्म मानववाद, गांव-गौ-गंगा एवं ग्राम विकास, लोक कला, लोक संस्कृति तथा भारतीय उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
आमंत्रण पत्र के विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी हम सभी के लिए आदर्श हैं।”
समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी और कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाठक ने मुख्यमंत्री को मेले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने हिंदू पंचांग के अनुसार 8 अक्टूबर को आश्विन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित होने वाले विराट युवा एवं किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन के संबंध में आश्वासन देते हुए शीघ्र सूचना देने की बात कही।

