पितरों की आत्मशांति के लिए मोक्षधाम में हुआ संगीतमय सुंदरकांड पाठ

 


श्रीराम-हनुमान जी के जयकारों से गूंजा ताजगंज मोक्षधाम,बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पितृपक्ष में अपने पितरों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनकी आत्मशांति की कामना के उद्देश्य से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी एवं श्री सुंदरकांड भक्त मंडल, नाई की मंडी के संयुक्त तत्वावधान में ताजगंज स्थित मोक्षधाम में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।

ताजगंज स्थित सत्संग हॉल में आयोजित सुंदरकांड पाठ के दौरान ढोलक, मंजीरे, हारमोनियम सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का पाठ एवं भजनों का आनंद लिया। भक्ति संगीत और भजनों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान पूरा मोक्षधाम परिसर श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण राममय नजर आया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुंदरकांड पाठ का संगीतमय रसपान कराने वाली भक्त मंडली में विनोद शर्मा, विनोद गोयल, विकास अग्रवाल एवं आयुष शर्मा सहित अन्य भक्त शामिल रहे।

इस अवसर पर श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल, अध्यक्ष अनिल जिंदल, महासचिव राजकुमार जैन,विष्णु चौधरी, ताराचंद गोयल, संजय गुप्ता, मनोज शर्मा, संजीव गुप्ता, रामनिवास एवं शिव कुमार सहित श्याम भोजवानी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य पितृपक्ष के अवसर पर पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना और उनकी आत्मशांति के लिए प्रार्थना करना रहा। सुत्र- नंदकिशोर गोयल 'मीडिया प्रभारी'